
सीधी/चुरहट । चुरहट नाली निर्माण की जांच को टेस्ट रिपोर्ट का इंतजार है। कलेक्टर के निर्देश पर गठित चार सदस्यीय दल द्वारा दो माह पूर्व जांच की गई थी। लैब टेस्ट रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही होनी है।
नगर परिषद चुरहट में नाली निर्माण में कथित घटिया निर्माण और अनियमितताओं की जांच अब सवालों के घेरे में है। शिकायत के बाद कलेक्टर के निर्देश पर गठित चार सदस्यीय जांच समिति ने 16 मई को मौके पर पहुंचकर निर्माण सामग्री के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे थे लेकिन दो माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न तो जांच रिपोर्ट सार्वजनिक हुई और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी या ठेकेदार पर कार्रवाई की गई। इससे पूरे मामले में लीपापोती और भ्रष्टाचार को संरक्षण दिए जाने की आशंका गहराने लगी है। नगर परिषद चुरहट उपाध्यक्ष अजय पांडे एवं समाजसेवी प्रदीप सिंह की शिकायत पर एसडीएम चुरहट द्वारा कलेक्टर डूडा को पत्र लिखकर तकनीकी जांच कराने का अनुरोध किया गया था। इसके बाद एसडीएम विकास कुमार आनंद के नेतृत्व में 4 सदस्यीय जांच समिति गठित की गई, जिसमें तहसीलदार साक्षी गौतम, कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी तथा कार्यपालन यंत्री आरईएस सीधी को शामिल किया गया। समिति ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर सामग्री के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे थे।
गौरतलब है कि इससे पहले भी नगर परिषद के सीएमओ ने घटिया निर्माण के आरोप सामने आने पर संबंधित उपयंत्री प्रफुल्ल गुप्ता से स्पष्टीकरण मांगा था। इसके बावजूद अब तक किसी प्रकार की अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पूरे मामले को जानबूझकर ठंडे बस्ते में डालने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जिस उपयंत्री प्रफुल्ल गुप्ता की निगरानी में निर्माण कार्य कराया गया, उसके खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
००
रिपोर्ट में देरी से कार्रवाई भी अटकी
जांच के दौरान निर्माण सामग्री के नमूने प्रयोगशाला भेजे गए थे लेकिन दो माह से अधिक समय बीतने के बाद भी लैब रिपोर्ट सामने नहीं आई है। रिपोर्ट में हो रही देरी के कारण दोष तय नहीं हो पा रहे हैं और कार्रवाई भी अटकी हुई है। इससे जांच प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।
००
इनका कहना है
अभी तक लैब से टेस्ट रिपोर्ट नहीं आई हैं एक हफ्ते में जांच रिपोर्ट आ जाएगी, उसके आधार पर कार्यवाही होगी।
अनामिका सिंह, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग सीधी
०००००००००००००
