नेपाल में बाढ़ पीड़ितों के लिए ऑस्ट्रेलिया देगा 30 लाख ऑस्ट्रलियाई डॉलर की अतिरिक्त मदद

कैनबरा, 31 अगस्त (वार्ता/स्पुतनिक) ऑस्ट्रेलिया नेपाल-चीन सीमा पर आयी विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों को 30 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग 21 लाख अमेरिकी डॉलर) की अतिरिक्त सहायता राशि प्रदान करेगा। इसके साथ ही कुल मानवीय सहायता राशि बढ़कर 80 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग 57 लाख अमेरिकी डॉलर) हो जायेगी। आस्ट्रेलियाई रक्षा मंत्रालय ने रविवार को जारी बयान में कहा, “नेपाल-चीन सीमा पर आयी भीषण बाढ़ के बाद राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए ऑस्ट्रेलियाई सरकार 30 लाख डॉलर की दूसरी किश्त के रूप में अतिरिक्त मानवीय सहायता भेज रही है।”

इस अतिरिक्त राशि में से लगभग 14 लाख डॉलर का उपयोग नेपाल की मांगी गयी आवश्यक वस्तुओं की खरीद के लिए किया जायेगा, जिसमें स्वच्छता किट और सौर ऊर्जा से चलने वाले प्रकाश उपकरण शामिल हैं। ‘ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बल’ इस राहत सामग्री को पहुंचायेगा, जिसके तहत देश की वायु सेना आने वाले दिनों में क्वींसलैंड से पहली खेप रवाना करने की तैयारी कर रही है। इसके अलावा, लगभग 7,16,000 डॉलर की राशि मानवीय सहायता संगठन ‘इमरजेंसी एक्शन एलायंस’ को प्रदान की जायेगी। चीन की ओर से आये पानी के तेज बहाव के भोटे कोशी नदी में प्रवेश करने के बाद 26 अगस्त की सुबह नेपाल के उत्तरी क्षेत्रों में अचानक विनाशकारी बाढ़ आ गयी थी। यह बाढ़ भूकंप और उसके बाद हुए भूस्खलन के कारण आयी थी। ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस आपदा में मरने वालों की संख्या 900 पार पहुंच गयी है, जबकि 4,000 से अधिक लोग अभी भी लापता हैं।

.....

Next Post

नेपाल में बाढ़ में 903 लोगों की मौत, 4,247 लापता; 10,451 लोगों को सुरक्षित बचाया गया

Mon Aug 31 , 2026
काठमांडू, 31 अगस्त (वार्ता) नेपाल में आई भीषण बाढ़ में मरने वालों की संख्या सोमवार सुबह तक बढ़कर 903 हो गयी है और 4,247 लोग अब भी लापता हैं। राहत की बात यह है कि अब तक 10,451 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। नेपाल के गृह मंत्रालय के […]

You May Like