सिंगरौली। जिले के बैढ़न स्थित विकासखंड शिक्षा कार्यालय का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में कार्यालय में पदस्थ एक लिपिक पर एक व्यक्ति से कथित तौर पर रिश्वत लेने के आरोप लगाए जा रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि निजी विद्यालयों के परीक्षा परिणामों के भौतिक सत्यापन में किसी प्रकार की परेशानी न आने देने के बदले सुविधा शुल्क लिया गया।
जानकारी के अनुसार वीडियो में पहले 500 रुपये और इसके बाद 100 रुपये लेते हुए दिखाए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि वीडियो कब का है और राशि देने वाला व्यक्ति कौन है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है। नवभारत इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
आरोप यह भी हैं कि जिस समय कथित तौर पर राशि का लेन-देन हो रहा था, उस दौरान कार्यालय में अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। वायरल वीडियो में संबंधित लिपिक तंबाकू का सेवन करते हुए भी नजर आ रहा है। ऐसे में कार्यालय परिसर में नशामुक्ति अभियान के नियमों के पालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
मामले ने सोशल मीडिया पर तूल पकड़ लिया है और इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लिपिक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है तथा जांच के लिए एक टीम का गठन किया है।
जिला शिक्षा अधिकारी का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि आरोपों की पुष्टि होती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
