हनोई, 11 जुलाई (वार्ता) वियतनाम में भारतीय पर्यटकों से भरी एक नौका के शनिवार को समुद्र में पलट जाने से 15 लोगों की मौत हो गयी। इस नौका में कुल 32 भारतीय और चालक दल के चार सदस्य भी थे। इनमें से शेष 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। स्थानीय मीडिया के अनुसार ओशन पर्ल आइलैंड कंपनी की एक चलने वाली मोटर नौका स्थानीय समयानुसार दोपहर एक बजे मशीन में आयी खराबी के कारण पलट गयी जिससे उसमें सफर कर रहे लोग पानी में गिर पड़े। यह स्पीडबोट पर्यटकों को लेकर होन-मे-रुत द्वीप से अन-थोई-पोर्ट की तरफ वापस लौट रही थी। यह हादसा तब हुआ जब यह बोट होन-मे-रुत नगोई द्वीप से लगभग 400 मीटर की दूरी पर थी। यह सभी छोटे द्वीप वियतनाम के सबसे बड़े द्वीप फू क्वोक के पास स्थित हैं और यहां पर्यटक ‘आइलैंड हॉपिंग’ (एक द्वीप से दूसरे द्वीप की यात्रा) और डाइविंग के लिए आते हैं।
दुर्घटना होते ही बचाव दल के लोग फौरन सक्रिय हो गए और नौका में सवार 21 लोगों को बचा कर सुरक्षित किनारे पर लाया गया। बचाव दल ने शेष 15 लोगों के शव बरामद कर लिए हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय अधिकारियों, तटरक्षक बलों और आस-पास के जहाजों को बचाव कार्य में लगाया गया। अधिकारी घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। वियतनाम में भारतीय दूतावास ने दुर्घटना की पुष्टि की है और उन लोगों के नाम जारी कर दिए हैं जो इस नौका में सवार थे। दूतावास ने यह भी लिखा है कि वह मामले पर नजर बनाए हुए है और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और इस त्रासदी से प्रभावित लोगों को जरूरी मदद मुहैया करा रहे हैं।
इससे पहले दूतावास ने सोशल मीडिया पर लिखा, “एक दुखद घटना में कुछ घंटे पहले वियतनाम में फु क्वोक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव पलट गयी। घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है क्योंकि स्थानीय अधिकारियों द्वारा खोज और बचाव अभियान जारी है।” प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी में भारत के वाणिज्य दूतावास ने जानकारी और सहायता प्रदान करने के लिए एक कंट्रोल रूम स्थापित किया है। हनोई में भी एक अलग सहायता डेस्क स्थापित की गयी है। हो ची मिन्ह सिटी में भारत के महावाणिज्य दूत में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिससे इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है- 84 36 281 7930, 84 91 552 37 14 और 84 33 452 0414। हनोई में भी एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिससे 84 91 308 9165 पर संपर्क किया जा सकता है।
वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने उन सभी भारतीयों के नामों की सूची जारी कर दी है जो दुर्घटनाग्रस्त हुयी नौका में सवार थे। इनमें पुरूषों में बालसुब्रमणी पलानीसामी, सेल्वम पिच्चैया, सेंथिल कुमार जयवेल, शिवकुमार मुथुकुमारासामी, निर्मल कुमार सेथुरामन, मुरुगा प्रभु अरुमुगम, रुबन सेल्वा नाथन जैकब येसुपाथम, श्रीधर धर्मराजन, विग्नेश्वर राधाकृष्णन गोपाल, रामसुब्बू अन्नावी, अबुथल्खा जहीरुद्दीन, श्रीधर सुंदरराजन, वामशीदार सेल्लूर रामराज, सेंजादैवेल कुप्पुसामी, नागला मदुगु सोहन, नल्लापेटा आदिशेषय्या रवितेजा, शेख अब्दुल्ला अब्दुल मजीद, राजीव कलैवानन, बालाजी नटेसन, विनया कुमार चिथापुरम भास्करा, रविशंकर सुगुमारन, विपुल उत्तम चंद, संतोष कुमार शांतिलालजैन, बाबू कुप्पुस्वामी, अलगुराजन सिवासामी, वसंथा कुमार आनंदन, श्रीधर मुदियम, किशोर गल्ली, एविकोट चेरियन थॉमस थॉमस, रमेश कुमार पचियप्पन शामिल हैं जबकि महिलाओं में जया लक्ष्मी गल्ली, लोवेनी थॉमस के नाम सूची में शामिल हैं।

