जबलपुर: खमरिया थाना अंतर्गत ग्राम उमरिया में चोर ने बंद कमरे का ताला तोड़े बिना, दरवाजे के ऊपर बने करीब डेढ़ फीट के रोशनदान से भीतर घुसकर करीब 5 क्विंटल मूंग की फसल पार कर दी।पुलिस के मुताबिक, पुरानी बस्ती रांझी निवासी ज्ञानेश्वर शर्मा 45 वर्ष पिछले 8 सालों से मदनमहल निवासी उस्मान खान की ग्राम उमरिया स्थित 5 एकड़ जमीन सिकमी पर लेकर खेती कर रहे हैं।
फसल रखने और रहने के लिए खेत पर ही 5 कमरे बने हुए हैं। ज्ञानेश्वर ने हाल ही में उड़द और मूंग की फसल की गहाई करवाकर अनाज को कमरे में सुरक्षित रखकर ताला लगा दिया था। बीती शाम को वह घर लौट आए थे, वापस पहुंचे तो कमरे के भीतर मूंग काफी कम थी। किसान ने जब बारीकी देखा तो दरवाजे के ऊपर बना करीब डेढ़ फीट का हिस्सा खुला हुआ था।
कमरे के बाहर भी मूंग के दाने बिखरे पड़े थे। साफ था कि चोर दरवाजे के ऊपर चढ़कर उस संकरे रास्ते से अंदर दाखिल हुआ और अनाज चोरी कर ले गया।इस वारदात का सुराग तब मिला जब पीड़ित ने आसपास के लोगों और मोहल्ले वालों से पूछताछ की। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने गोकलपुर निवासी विक्की को रात के वक्त खेत की तरफ से कंधे पर बोरी रखकर जाते हुए देखा था। पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है।
