
सिंगरौली । शासकीय सांदीपनी उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न में शुक्रवार को म.प्र. शासन की छात्र कल्याणकारी योजना के तहत कक्षा 9वीं के छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह रहे।
इस अवसर पर विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि शिक्षा से ही भविष्य संवरता है और विकसित समाज की मजबूत नींव तैयार होती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। नि:शुल्क साइकिल योजना से विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल मिलने पर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। विधायक ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार की यह योजना शिक्षा के प्रति बच्चों का उत्साह बढ़ाने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विद्यालय परिवार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शासन का आभार व्यक्त किया।
