
आलीराजपुर। कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर के निर्देश पर शासकीय नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका छात्रावास, हरसवाट में सामने आई वित्तीय अनियमितता के मामले में संबंधित प्राथमिक शिक्षक एवं तत्कालीन छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती रीना अजनार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
खण्ड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड आलीराजपुर द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि शासकीय प्राथमिक विद्यालय डाबड़ी, विकासखंड जोबट में पदस्थ श्रीमती रीना अजनार ने छात्रावास के आईडी एवं पासवर्ड का अनुचित उपयोग करते हुए वित्तीय अनियमितता की तथा अपने परिवारजनों के बैंक खातों में राशि का भुगतान किया। जांच में शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही एवं उदासीनता भी सामने आई। उक्त प्रकरण में प्रथम दृष्टया गंभीर वित्तीय अनियमितता पाए जाने पर कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत संबंधित कर्मचारी के निलंबन के आदेश जारी किए हैं। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय खण्ड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड आलीराजपुर रहेगा।
कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने कहा है कि शासकीय धन के दुरुपयोग, वित्तीय अनियमितता एवं कर्तव्यों के प्रति लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। ऐसे मामलों में दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि शासकीय संस्थाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं वित्तीय अनुशासन बना रहे।
