लंबे इंतजार के बाद पुलिस महकमे में पदोन्नति की कवायद 

इंदौर. प्रदेश पुलिस में लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय ने पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करते हुए दो विभागीय पदोन्नति समितियों का गठन कर दिया है. समितियां पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रकरणों की समीक्षा कर पदोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ाएंगी.

पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार गठित समितियां पुलिस उप निरीक्षक से निरीक्षक तथा प्रधान आरक्षक से सहायक उप निरीक्षक सहित विभिन्न पदों पर पदोन्नति के मामलों की जांच परख करेंगी. समितियां सेवा अभिलेख, गोपनीय चरित्रावली और विभागीय नियमों के आधार पर पात्रता का परीक्षण कर अपनी अनुशंसा देंगी. पहली समिति की कमान भोपाल पुलिस आयुक्त हरिनारायण मिश्र को सौंपी गई है. समिति में डीआईजी किरण लता केरकट्टा और रिचा चौबे सहित पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों को सदस्य बनाया है. इसके अलावा आईजी, डीआईजी और एआईजी स्तर के अधिकारियों को भी समितियों में शामिल किया है.

पुलिस महकमे में पिछले काफी समय से पदोन्नति नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी अगले पद पर जाने का इंतजार कर रहे हैं. विभागीय पदोन्नति समितियों के गठन को इसी दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. समितियों की अनुशंसा के बाद पदोन्नति सूची जारी होने का रास्ता साफ होगा.

सूत्रों का कहना है कि विभाग अब लंबित प्रकरणों का जल्द निपटारा करने की तैयारी में है, ताकि योग्य अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति का लाभ मिल सके. हालांकि अंतिम फैसला विभागीय पदोन्नति समिति की अनुशंसा और सक्षम स्तर से मंजूरी मिलने के बाद ही होगा.

Next Post

भाजपा की केन्द्र सरकार सत्ता के अहंकार में इतिहास की किताबों में कर रही हैं तोड़ मरोड़ :गहलोत

Fri Jul 10 , 2026
जयपुर 10 जुलाई (वार्ता) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केन्द्र सरकार पर सत्ता के अहंकार में इतिहास की किताबों में तोड़-मरोड़ करने का आरोप लगाया है। श्री गहलोत ने शुक्रवार को अपने बयान में यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिस विचारधारा का […]

You May Like

Play sound