सिंगरौली: कोतवाली बैढ़न क्षेत्र के परसौना गांव में शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। देवसर विधायक कार्यालय के सामने बैढ़न-बरगवां मार्ग पर डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से डीजल का रिसाव शुरू हो गया, जिससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
घटना की जानकारी मिलते ही खुटार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित करने का प्रयास शुरू किया। इस बीच टैंकर से बह रहे डीजल को लेने के लिए आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग डिब्बे, बाल्टी और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए। पुलिस द्वारा बार-बार समझाइश देने और रोकने के बावजूद लोग डीजल एकत्र करने पर आमादा रहे, जिससे स्थिति कुछ समय के लिए अव्यवस्थित बनी रही।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन टैंकर में भरे डीजल के बह जाने से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस ने यातायात सामान्य कराने और मामले की जांच शुरू कर दी है।
