इंदौर:सहकारिता एवं पंजीयक, सहकारी संस्थाएं आयुक्त दीपक सिंह ने गुरुवार को इंदौर प्रीमियर को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के सभागार में इंदौर संभाग के सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक ली. बैठक में संभाग एवं जिला अधिकारियों सहित जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के सीईओ, दुग्ध सहकारी संघ, विपणन सहकारी संघ और अपेक्स बैंक के अधिकारी मौजूद रहे.
बैठक में सदस्यता अभियान, नए सदस्यों को किसान क्रेडिट कार्ड केसीसी वितरण सहकार से समृद्धि अभियान, ऋण वितरण एवं वसूली, पैक्स कम्प्यूटरीकरण, अंकेक्षण, दुग्ध सहकारी संस्थाओं के गठन, उर्वरक वितरण सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई. आयुक्त सिंह ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को नियमित ऋणों की 100 प्रतिशत तथा बकाया ऋणों की 50 प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के लिए माहवार लक्ष्य तय करने के निर्देश दिए.
उन्होंने एनपीए ऋणों की वसूली के लिए जिला कलेक्टरों की एजेंडा सूची में लक्ष्य शामिल कराने को कहा. उन्होंने पैक्स सदस्यता अभियान और नए केसीसी वितरण की नियमित समीक्षा करने तथा ऋण वसूली में लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले मामलों में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए. अकार्यशील सहकारी संस्थाओं के पंजीयन निरस्तीकरण के लिए भी माहवार कार्ययोजना बनाने को कहा गया. बैठक में झाबुआ जिला सहकारी केंद्रीय बैंक को ऋण वसूली में विशेष प्रयास कर कमजोर श्रेणी से बाहर लाने के निर्देश दिए गए.
