
इंदौर. जिले में अलग अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों और घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई. सांवेर में नुक्ते के कार्यक्रम में जा रहे दंपति की बाइक को दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी, जिसमें पति की मौत हो गई. वहीं देपालपुर में एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी, जबकि आजाद नगर क्षेत्र में बायपास पर अचेत मिले युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई.
सांवेर पुलिस के मुताबिक कालिंदी गोल्ड निवासी 60 वर्षीय मनोहर वर्मा अपनी पत्नी रेखा और बेटी मीनाक्षी के साथ बाइक से रिश्तेदार के यहां नुक्ते के कार्यक्रम में जा रहे थे. ग्राम तराना के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में मनोहर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी और बेटी घायल हो गईं. परिजनों का आरोप है कि दूसरी बाइक एक युवती चला रही थी और उसके पीछे युवक बैठा था. हादसे के बाद युवक युवती को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. घायल युवती को अरबिंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण रॉन्ग साइड से वाहन चलाना माना जा रहा है. पुलिस फरार युवक की तलाश कर रही है. वहीं देपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अटाहेड़ा निवासी राहुल यादव ने जहरीला पदार्थ खा लिया. परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. एक अन्य मामले में आजाद नगर पुलिस के मुताबिक दो दिन पहले जयराम तौलकांटे के पास अंकित पिता किरपाल सिंह, निवासी ग्राम चिरकी, हाटपीपल्या (देवास), सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिला था. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस को आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मारी थी. मामले में अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है.
