आवारा मवेशियों से शहर की सड़कें असुरक्षित

सीहोर। शहर में आवारा मवेशियों की समस्या लगातार विकराल होती जा रही है. प्रमुख सड़कों और व्यस्त चौराहों पर दिनभर बैठे रहने वाले मवेशी न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं, बल्कि आए दिन दुर्घटनाओं का कारण भी बन रहे हैं. इसके बावजूद नपा और संबंधित विभाग इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने में अब तक सफल नहीं हो पाए हैं.

शहर के अस्पताल चौराहा, बस स्टैंड, नदी चौराहा, भोपाल नाका, इंग्लिशपुरा, मंडी क्षेत्र सहित कई प्रमुख मार्गों पर सुबह से देर रात तक गाय, बैल और अन्य मवेशियों का जमावड़ा देखा जा सकता है. सड़क के बीच बैठे मवेशियों के कारण वाहन चालकों को बार-बार रफ्तार धीमी करनी पड़ती है, जिससे यातायात प्रभावित होता है और कई बार जाम की स्थिति भी बन जाती है।

सर्वाधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है. अचानक सामने आ जाने वाले मवेशियों को बचाने के प्रयास में कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं. रात के समय यह खतरा और बढ़ जाता है, क्योंकि सड़क पर बैठे मवेशी अंधेरे में आसानी से दिखाई नहीं देते. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

नपा द्वारा आवारा मवेशियों को पकडऩे का अभियान नहीं चलाए जाने से हालात और बदतर हो गए हैं. शहरवासियों का कहना है कि जब तक अपने मवेशियों को खुले में छोडऩे वाले पशुपालकों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है. नागरिकों ने जिला प्रशासन और नपा से नियमित अभियान चलाने, पर्याप्त गौशाला एवं आश्रय व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वाले पशुपालकों पर जुर्माना लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में अब प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है.

करोड़ों खर्च, फिर भी सड़कों पर तड़प रही गौमाता

उधर,बुधनी में सरकार गौ संरक्षण को लेकर लगातार बड़े-बड़े दावे करती है. गौशालाओं के संचालन और गौवंश की सुरक्षा के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है. नगर में गौशाला होने के बावजूद गौवंश खुलेआम सड़कों पर घूम रहे है और आए दिन सड़क दुर्घटनाओं का शिकार बन रहे है. बुधवार को गौवंश की दुर्दशा की चारघटनाएं सामने आई. हाईवे टोल प्लाजा के पास दो गाय सड़क हादसे में घायल हो गई. खत्री पेट्रोल पंप के समीप हाईवे पर एक अन्य गाय वाहन की टक्कर से घायल अवस्था में मिली. वहीं देवगांव क्षेत्र में भी एक गाय दुर्घटना का शिकार हुई. इसके अलावा माना क्षेत्र में एक गाय पिछले तीन दिनों से बीमार हालत में पड़ी हुई है.इस मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने भी कड़ा रुख अपनाया है. संगठन का कहना है कि यदि शीघ्र ही गौवंश की सुरक्षा, उपचार और निराश्रित गौवंश के स्थायी प्रबंधन की व्यवस्था नहीं की गई, तो विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा जनआंदोलन किया जाएगा.

 

Next Post

सिंगरौली पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

Thu Jul 9 , 2026
सिंगरौली: पुलिस अधीक्षक सिंगरौली शियाज के.एम. ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से जिले के पुलिस अधिकारियों के कार्यों में फेरबदल करते हुए निरीक्षक एवं उप निरीक्षक स्तर के कुल 9 अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक लागू रहेगा।जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक अनिल […]

You May Like