श्रीनगर, अमरनाथ यात्रा 2026 के शुरुआती तीन दिनों में ही आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। 3 जुलाई से शुरू हुई इस पवित्र यात्रा में अब तक 56,961 श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। अकेले रविवार को ही 24,648 तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा में माथा टेका। बालटाल और पहलगाम, दोनों मार्गों पर मौसम अनुकूल रहने के कारण यात्रा सुचारू रूप से चल रही है और श्रद्धालु सुरक्षित अपने कैंपों में लौट रहे हैं।
अपंजीकृत श्रद्धालुओं के लिए दिशा-निर्देश
तीर्थयात्रियों की अभूतपूर्व भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। 9 जुलाई तक सभी पंजीकरण स्लॉट फुल हो चुके हैं, इसलिए प्रशासन ने अपंजीकृत श्रद्धालुओं से अपनी यात्रा कुछ दिनों के लिए स्थगित करने का आग्रह किया है। अब केवल उन्हीं तीर्थयात्रियों को कश्मीर की ओर जाने की अनुमति दी जा रही है जिनके पास वैध पंजीकरण है। जम्मू स्थित पंजीकरण केंद्रों पर भी टोकन पाने के लिए सुबह से ही लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं की व्यापक व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने पूरे यात्रा मार्ग पर 16 मेडिकल टीमें तैनात की हैं। साथ ही, चंदरकोट और लैंबर कैंपों में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस दो मिनी हॉस्पिटल स्थापित किए गए हैं, जहाँ 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हैं। आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए करीब 75 सदस्यीय मेडिकल टीम, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ शामिल हैं, निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं ताकि 57 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।

