चंडीगढ़ में 54 साल पुरानी दो मंजिला बिल्डिंग गिरी, 2 की मौत, 5 घायल

चंडीगढ़ 05 जुलाई (वार्ता) चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में शनिवार शाम करीब 54 साल पुरानी दो मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। राहत एवं बचाव कार्य करीब साढ़े पांच घंटे तक चला, जिसमें सेना, एनडीआरएफ और चंडीगढ़ प्रशासन की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।

मृतकों की पहचान मेरठ (उत्तर प्रदेश) निवासी तरुण जैन (45) और तरुण कौशिश (48) के रूप में हुई है। वहीं कुलदीप सिंह, कुलबीर सिंह, उमेश, राहुल और अजीत को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रशासन ने बताया कि रविवार को एस्टेट ऑफिस और सीएफएसएल की टीम घटनास्थल का निरीक्षण करेगी। साथ ही भविष्य में ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए शहर की जर्जर और असुरक्षित इमारतों का सर्वे कराने का निर्णय लिया गया है।

हादसे में जीवित बचे रमेश कुमार ने बताया कि घटना के समय इमारत में कई लोग मौजूद थे। शाम करीब 4:20 बजे अचानक भूकंप जैसा झटका महसूस हुआ और पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। इसके बाद पुलिस और बचाव दल ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकाला।

इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष एमपीएस चावला ने बताया कि प्लॉट नंबर 28/9 स्थित इस पुरानी इमारत में स्क्रैप का काम चल रहा था। प्रारंभिक तौर पर इमारत की जर्जर स्थिति को हादसे का कारण माना जा रहा है।

Next Post

शॉर्ट के नाबाद 92 रन, ग्लूस्टरशायर ने सरे को 57 रनों से हराया

Sun Jul 5 , 2026
ब्रिस्टल, 05 जुलाई (वार्ता) डार्सी शॉर्ट (नाबाद 92) की पारी के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत ग्लूस्टारशायर ने सरे को 57 रनों से करारी शिकस्त दी। सीट यूनिक स्टेडियम में खेले गये मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई ओपनर शॉर्ट ने शानदार शुरुआत दिलाई, फिर गेंदबाजों ने मेहमान टीम को सस्ते […]

You May Like