शिवपुरी को मिलेगी अडाणी समूह की 2500 करोड़ की लागत की डिफेंस फैक्ट्री की सौगात

शिवपुरी। कोलारस क्षेत्र के पाली गांव के पास अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस करीब 2500 करोड़ रुपए की लागत से डिफेंस यूनिट स्थापित कर रही है। इससे लगभग 2 हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। कल 5 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और अडाणी समूह के अधिकारी इसका भूमिपूजन करेंगे। अडाणी समूह से करण अडाणी एवं जीत अडाणी उपस्थित रहेंगे। प्रस्तावित फैक्ट्री राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के किनारे है, जिससे राजस्थान और गुजरात तक सीधा संपर्क है।

अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस रक्षा क्षेत्र में सक्रिय है। कंपनी हथियार, गोला-बारूद, ड्रोन, काउंटर-ड्रोन सिस्टम, सुरक्षा उपकरण और आधुनिक रक्षा तकनीक से जुड़े उत्पाद बनाती है। शिवपुरी की यह यूनिट भी देश की रक्षा उत्पादन क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह यूनिट शिवपुरी का अब तक का सबसे बड़ा औद्योगिक निवेश मानी जा रही है। हालांकि कंपनी ने अभी यह सार्वजनिक नहीं किया है कि यहां कौन-कौन से रक्षा उत्पाद बनाए जाएंगे। सुरक्षा कारणों से ऐसी जानकारी पहले साझा नहीं की जाती।

इस फैक्ट्री से करीब 2 हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है। वहीं ट्रांसपोर्ट, होटल, ढाबे, सुरक्षा सेवाएं, निर्माण कार्य, किराये के मकान और छोटे कारोबारों के जरिए 10 हजार से ज्यादा लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। कोलारस, बदरवास, शिवपुरी शहर और आसपास के गांवों के लोगों को भी इसका फायदा मिलने की उम्मीद है।

*मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं सिंधिया कल दोपहर शिवपुरी पहुंचेंगे :* मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार 5 जुलाई को पहले ग्वालियर आयेंगे। फिर ग्वालियर विमानतल पर कुछ देर रुकने के पश्चात हैलीकॉप्टर द्वारा शिवपुरी के लिये रवाना होंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे राजकीय विमान द्वारा भोपाल से ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा पर आएंगे। कुछ देर रुकने के पश्चात दोपहर 2.10 बजे हैलीकॉप्टर द्वारा शिवपुरी के लिये रवाना होंगे। शिवपुरी में भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने के पश्चात मुख्यमंत्री शाम 5.15 बजे पुन: ग्वालियर आयेंगे और कुछ देर रुकने के पश्चात राजकीय विमान द्वारा भोपाल के लिये प्रस्थान करेंगे। इस बीच केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर आ चुके हैं। वे कल दोपहर शिवपुरी पहुंचेंगे।

Next Post

नीमच को दिल्ली-मुंबई से जोड़ेगी नई रेल परियोजना, 380 किमी लंबी रेलवे लाइन का सर्वे अंतिम चरण में

Sat Jul 4 , 2026
नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच जिले के लिए बहुप्रतीक्षित नीमच-नंदुरबार नई रेलवे लाइन परियोजना अब गति पकड़ती नजर आ रही है। लगभग 380 किलोमीटर लंबी यह महत्वाकांक्षी रेल परियोजना मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र को एक नए रेल कॉरिडोर से जोड़ते हुए क्षेत्रीय विकास की नई इबारत लिखने जा […]

You May Like