इंदौर: मालवा-निमाड़ क्षेत्र में बिजली वितरण व्यवस्था को अधिक मजबूत और सक्षम बनाने के लिए मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने 266 करोड़ रुपये की क्षमता विस्तार योजना पर काम शुरू कर दिया है.केएफडब्ल्यू निधि से संचालित इस परियोजना के तहत अगले डेढ़ वर्ष में 34 नए पावर ट्रांसफार्मर और करीब 4,800 वितरण ट्रांसफार्मर स्थापित एवं अपग्रेड किए जाएंगे. सभी कार्य नवंबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है.
कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि योजना का लाभ इंदौर शहर सहित मालवा-निमाड़ के विभिन्न जिलों के शहरी, औद्योगिक और ग्रामीण क्षेत्रों के लाखों उपभोक्ताओं को मिलेगा। इससे आगामी 10 वर्षों की बिजली मांग को ध्यान में रखते हुए वितरण व्यवस्था अधिक विश्वसनीय और सुचारु बनेगी. योजना के तहत 33/11 केवी ग्रिडों पर 5, 8 और 10 एमवीए क्षमता के 34 नए पावर ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे. वहीं 63, 100, 200 और 315 केवीए क्षमता के करीब 1,500 नए वितरण ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे तथा लगभग 3,300 कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों को अधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों से बदला जाएगा.
चरणबद्ध तरीके से काम
प्रबंध निदेशक ने बताया कि इंदौर शहर और इंदौर ग्रामीण क्षेत्र में करीब 30 करोड़ रुपये के कार्य प्रारंभ हो चुके हैं. इसी प्रकार अन्य जिलों में भी ग्रिड और ट्रांसफार्मर स्थापना का काम चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य घरेलू, व्यावसायिक, औद्योगिक और कृषि उपभोक्ताओं को भविष्य की बढ़ती बिजली मांग के अनुरूप बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है
