बरगवां नगर परिषद में स्टैंड फीस वसूली पर उठे सवाल, वीडियो वायरल होने से मचा बवाल

सिंगरौली जिले के बरगवां नगर परिषद क्षेत्र में भारी वाहनों से कथित रूप से स्टैंड फीस वसूले जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। इस संबंध में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग ट्रकों से पैसे लेते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

 

वीडियो सामने आने के बाद ट्रक मालिकों और वाहन चालकों ने वसूली की वैधता पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि कोई वाहन नगर परिषद द्वारा संचालित निर्धारित स्टैंड या पार्किंग सुविधा का उपयोग नहीं कर रहा है, तो उससे शुल्क किस नियम या आदेश के तहत लिया जा रहा है, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए।

 

वायरल वीडियो में कथित रूप से वसूली कर रहे व्यक्ति द्वारा इसे नगर परिषद की ओर से की जा रही वसूली बताया जाता है। हालांकि, इस दावे की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

 

इधर, मामले पर बरगवां नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) अमित सिंह ने कहा कि वाहन स्टैंड की वसूली का ठेका नियमानुसार आर.के. सिंह को दिया गया है और केवल निर्धारित नियमों के तहत बैठकी (स्टैंड शुल्क) की वसूली की अनुमति है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में यह पाया जाता है कि ठेकेदार या उसके कर्मचारी नियमों के विपरीत या जबरन किसी वाहन से राशि वसूल रहे हैं, तो ठेका निरस्त करने सहित नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

दतिया में भाजपा संगठन की डैमेज कण्ट्रोल मुहिम कामयाब

Sun Jul 12 , 2026
दतिया/ग्वालियर। दतिया में भाजपा संगठन की डैमेज कण्ट्रोल मुहिम तेजी से कामयाब हो रही है। पूर्व गृह मंत्री एवं छह बार के विधायक डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकिट कटने के बाद दतिया में फूटा उनके समर्थकों का गुस्सा ऊपरी तौर पर शांत हो गया है। इसका प्रमाण आज उस समय […]

You May Like