नयी दिल्ली, 3 जुलाई (वार्ता) जल शक्ति मंत्रालय ने जल संरक्षण और जल प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्यों, जिलों, शहरी निकायों, बांध प्रबंधन एजेंसियों, उद्योगों तथा नागरिकों से सातवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
जल शक्ति मंत्रालय के जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि आवेदन 28 अगस्त तक गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किए जा सकेंगे। पुरस्कारों के लिए आवेदन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। पात्र संस्थाएं, संगठन और आवेदक विभाग की वेबसाइट तथा राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रीय जल पुरस्कारों के तहत जल संसाधन प्रबंधन, जल संचय-जल भागीदारी, जल जीवन मिशन, जल क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ परियोजना तथा जल क्षेत्र में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्योगों सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। इस वर्ष राष्ट्रीय जल पुरस्कार का विषय ‘बांध सुरक्षा’ रखा गया है।
आधिकारिक सूचना के अनुसार प्राप्त आवेदनों की पहले स्क्रीनिंग समिति जांच की जाएगी और जूरी की अनुशंसा पर विजेताओं का चयन किया जाएगा। चयनित विजेताओं को समोराह के दौरान राष्ट्रपति या उपराष्ट्रपति से ट्रॉफी और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रीय जल पुरस्कारों की शुरुआत 2018 में ‘जल समृद्ध भारत’ के लक्ष्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी। इन पुरस्कारों का उद्देश्य जल संरक्षण और जल संसाधनों के समग्र प्रबंधन को प्रोत्साहित करना तथा जल के महत्व के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाकर जल के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित करना है।
