मेडिकल कॉलेज में उपकरण खरीदी की लिए बड़े पैमाने पर तैयारी

उज्जैन: प्रदेश की पहली मेडिसिटी अब तेजी से आकार ले रही है. सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही यह महत्वाकांक्षी परियोजना न केवल आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए वरदान साबित होगी, बल्कि पूरे उज्जैन संभाग की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देगी. मेडिसिटी के लिए अब उपकरण की खरीदी होगी. देश-विदेश की आधुनिक मशीने स्थापित होगी.

उज्जैन में 592.3 करोड़ रुपये की लागत से 14.97 एकड़ भूमि पर विकसित हो रही यह मेडिसिटी सितंबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है, ताकि सिंहस्थ 2028 से पहले यहां सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सुविधाएं शुरू हो सकें.

6 हाईराइज बिल्डिंग
21 नवंबर 2024 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भूमि पूजन के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है और छह हाईराइज बिल्डिंग का ढांचा तेजी से खड़ा किया जा रहा है और यह काम 80′ पूरा हो चुका है.

अस्पताल और कॉलेज
मेडिसिटी में आधुनिक अस्पताल, सरकारी मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, नर्सिंग हॉस्टल, रिसर्च सेंटर और मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित किया जाएगा. यह प्रदेश की पहली ऐसी समेकित स्वास्थ्य परियोजना होगी, जहां डॉक्टर पढ़ भी सकेंगे और सेवाएं भी दे सकेंगे. नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों को यहीं रोजगार के अवसर मिलेंगे, वहीं नए छात्रों के लिए भी स्वास्थ्य क्षेत्र में करियर बनाने का बड़ा अवसर तैयार होगा.

श्रद्धालुओं को निःशुल्क चिकित्सा
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं को यहां निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी. अनुमान है कि सिंहस्थ 2028 में लगभग 30 करोड़ श्रद्धालु उज्जैन पहुंच सकते हैं. ऐसे में गंभीर बीमारियों से लेकर आपातकालीन उपचार तक की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी. सुपर स्पेशियलिटी विभाग, अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर और उन्नत जांच प्रयोगशालाएं यहां स्थापित की जाएंगी.

उपकरणों की खरीदी जल्द
इस स्वास्थ्य परियोजना के तहत उच्च स्तरीय चिकित्सा उपकरणों की खरीदी के लिए टेंडर प्रक्रिया की तैयारी शुरू हो चुकी है. जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और राज्य सरकार स्तर पर लगातार बैठकें हो रही हैं. देश-विदेश की उन्नत मशीनों को स्थापित करने की योजना बनाई जा रही है, ताकि मरीजों को महानगरों की तरह इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े.

डॉक्टरों वो स्टॉफ की भर्तियां
मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ ही यह परियोजना रोजगार का बड़ा केंद्र भी बनेगी. डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ और तकनीकी विशेषज्ञों के लिए नई भर्तियां होंगी. मेडिकल डिवाइस पार्क के माध्यम से स्वास्थ्य उपकरणों के निर्माण की दिशा में भी आत्मनिर्भरता की पहल की जा रही है.

स्वास्थ्य सेवा में उज्जैन अग्रणी
मेडिसिटी के रूप में उज्जैन को एक नई पहचान मिलने जा रही है. धार्मिक नगरी उज्जैन अब स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी अग्रणी बनने की तैयारी में है, जिससे सिंहस्थ 2028 के साथ-साथ आने वाले वर्षों में भी इसका व्यापक लाभ मिलता रहेगा. उक्त निर्माण कार्य का अवलोकन लगातार उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह से लगाकर सीएमएचओ डॉ अशोक पटेल और संयुक्त संचालक दीपक पिप्पल द्वारा किया जा रहा है.

इनका कहना है…
मेडिसिटी का कार्य तेजी से चल रहा है. स्टाफ की भर्ती जहां की जाएगी, वहीं उच्च स्तरीय उपकरण भी स्थापित किए जाएंगे. इसके लिए मध्य प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अफसर योजना पर से काम कर रहे हैं, और हम लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं इसका लाभ सिंहस्थ में आए श्रद्धालुओं को भी मिलेगा.
– रोशन कुमार सिंह, कलेक्टर उज्जैन

Next Post

रंगों की मस्ती से सराबोर रहेगी होली, धूमधाम से मनाया जाएगा रंगों का त्योहार

Wed Mar 4 , 2026
इंदौर: 2 मार्च को होलिका दहन के बाद 3 मार्च को पड़ रहे ग्रहण के कारण होली नहीं खेली गई. हालांकि इससे बच्चों और बड़ों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है. ग्रहण समाप्त होने के बाद बुधवार को पूरे हर्षोल्लास और उमंग के साथ रंगों का त्योहार मनाया […]

You May Like