छतरपुर। कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया एवं डीपीसी अरुण शंकर पांडे ने ईशानगर विकासखंड के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्र उपस्थिति, शिक्षण गुणवत्ता और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में कई अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण में प्राथमिक शाला परा, प्राथमिक शाला पिपौराकला, माध्यमिक शाला खड़गॉय और प्राथमिक शाला रसोइया ठाकरुन में छात्र उपस्थिति बेहद कम मिली। कई विद्यालयों में विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर भी अपेक्षित नहीं पाया गया। वहीं प्राथमिक शाला पिपौराकला में निर्धारित मीनू के अनुसार मध्यान्ह भोजन नहीं मिलने तथा माध्यमिक शाला खड़गॉय में भोजन के लिए उपयोग किए जा रहे बर्तनों का मानकों के अनुरूप नहीं होना भी सामने आया।
जिला पंचायत सीईओ ने संबंधित शिक्षकों और शाला प्रभारियों को छात्र उपस्थिति बढ़ाने, शिक्षण गुणवत्ता में सुधार लाने और विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई तथा मध्यान्ह भोजन योजना में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित स्व-सहायता समूह के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
