
खंडवा। समीपस्थ ग्राम बमनगांव आखई में गुरुवार को विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जीरामजी) योजना का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ विजय शाह ने कहा कि यह योजना ग्रामीण गरीब मजदूरों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 100 दिन के स्थान पर 125 दिन रोजगार की वैधानिक गारंटी मिलेगी।
डॉ. शाह ने कहा कि यदि कोई मजदूर काम मांगने के बाद भी रोजगार से वंचित रहता है तो उसे नियमानुसार बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। साथ ही मजदूरी भुगतान में देरी होने पर प्रत्येक विलंबित दिन का मुआवजा भी मजदूर को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने योजना के लिए बजट बढ़ाया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, शौचालय निर्माण, मध्याह्न भोजन, नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश और साइकिल जैसी योजनाओं ने गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि नई योजना में रोजगार गारंटी की पूर्व कमियों को दूर किया गया है। अब भवन निर्माण, पक्की सडक़, बाउंड्री वॉल सहित अन्य स्थायी निर्माण कार्य भी कराए जा सकेंगे, जिससे रोजगार के साथ ग्रामीण अधोसंरचना का भी विकास होगा। मांधाता विधायक नारायण पटेल ने कहा कि 125 दिन रोजगार मिलने से ग्रामीणों का पलायन रुकेगा। पंधाना विधायक छाया मोरे ने जल संरक्षण और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुडऩे की अपील की। खंडवा विधायक कंचन तन्वे ने कहा कि योजना में स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की भागीदारी बढऩे से वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी। महापौर अमृता अमर यादव ने कहा कि हितग्राहियों के खातों में राशि सीधे पहुंचने से पारदर्शिता बढ़ी है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी सुदेश वानखेड़े, जिला भाजपा अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, विधायक प्रतिनिधि मुकेश तन्वे, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष हरीश कोटवाले, सेवादास पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर मंत्री डॉ विजय शाह, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
