छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय, अगले दो दिनों में अत्यधिक तेज बारिश के आसार

रायपुर, 02 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है।

मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आगामी दो दिनों के दौरान अत्यधिक तेज बारिश होने का अनुमान जताया है। पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा और बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर तेज बारशि दर्ज की गई।

राजधानी रायपुर में आज सुबह से घने बादल छाए हुए हैं । मौसम विभाग के अनुसार शहर में बादल छाए रहने, तेज हवा चलने तथा बारिश होने के आसार हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार औसत समुद्र तल पर एक मौसमी द्रोणिका पंजाब से बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग तक फैली हुई है, जो समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तृत है। वहीं बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से तथा उससे लगे दक्षिणी बंगलादेश के ऊपर औसत समुद्र तल से 1.5 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ है। इसके प्रभाव से शुक्रवार के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके अलावा उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर एक ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है।

विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में अब तक सामान्य से लगभग 60 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान बलरामपुर-रामानुजगंज में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में 34 डिग्री, जशपुर में 33.5 डिग्री, अंबिकापुर में 33.1 डिग्री, कोरबा में 32.9 डिग्री, दुर्ग में 30.6 डिग्री तथा जगदलपुर में 28.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अगले दो दिनों तक बारिश में तेजी आने तथा कई स्थानों पर तेज से अत्यधिक बारिश होने का अनुमान जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

 

Next Post

साल्वर गिरोह पर तंत्र की खामोशी भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ पर मूक सहमति

Thu Jul 2 , 2026
सतना : बच्चों के भविष्य के साथ किए जा रहे खिलवाड़ का जो नमूना देखने को मिल रहा है. उससे अब लोगों को भरोसा हो रहा है कि तंत्र की किसी भी मामले में संलिप्तता से इंकार नहीं किया जा सकता है. प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री के क्षेत्र में […]

You May Like