महुआखेड़ी के शासकीय स्कूल ने दिलाई जिले को राष्ट्रीय पहचान

सीहोर। शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर चयनित विद्यालयों की सूची में शासकीय माध्यमिक विद्यालय महुआखेड़ी तकीपुर का चयन होने से जिले को महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है.

यह उपलब्धि विद्यालय द्वारा स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा दक्षता, हरित परिसर के विकास तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति किए गए उत्कृष्ट कार्यों का परिणाम है. विद्यालय ने इन क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है, जो जिले एवं प्रदेश के लिए गौरव का विषय है.

कलेक्टर बालागुरू के ने इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल विद्यालय विकसित करने के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिले के अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणा बनेगी. विद्यालय स्वच्छता एवं हरित वातावरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने प्रोत्साहित होंगे.

सीईओ श्रीमती सर्जना यादव ने कहा कि विद्यालयों में स्वच्छ एवं हरित वातावरण का निर्माण विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है. राष्ट्रीय स्तर पर जिले के विद्यालय का चयन होना इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सफलता का प्रमाण है. उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपेक्षा व्यक्त की. डीपीसी आरआर उईके ने बताया कि चयनित विद्यालय को आगे भी तकनीकी, संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा. विद्यालय की श्रेष्ठ कार्यप्रणाली, नवाचारों एवं सफलताओं का दस्तावेजीकरण कर विद्यालयों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे जिले के अधिकाधिक विद्यालय स्वच्छ एवं हरित विद्यालय की अवधारणा को प्रभावी रूप से अपनाकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान स्थापित कर सकें.

 

Next Post

परिषद ने किया सीए व चिकित्सकों का सम्मान

Thu Jul 2 , 2026
सीहोर। भारत विकास परिषद शाखा सदस्यों द्वारा बुधवार को शहर के सीए एवं डॉक्टर्स का सम्मान कर सीए दिवस एवं डॉक्टर्स डे मनाया गया. इस अवसर पर 33 वर्ष पूर्व सीए बने सुशील मंत्री, डॉ. पुष्पा कनौजिया, सुमित झंवर एवं संस्था सदस्य दंत चिकित्सक डॉ. गगन नामदेव का सम्मान किया […]

You May Like