मुंबई, 01 जुलाई (वार्ता) फिल्म निर्देशक एस. राजामौली ने अभिनेता महेश बाबू के अनुशासन और काम के प्रति समर्पण की जमकर सराहना की है। एस. राजामौली ने कहा कि महेश बाबू शूटिंग के दौरान अपना मोबाइल फोन कार में ही छोड़ देते हैं,जिससे उनका पूरा ध्यान सिर्फ अपने काम पर रहता है। राजामौली ने अपनी आगामी फिल्म ‘वाराणसी’ की शूटिंग के अनुभव साझा करते हुए कहा कि वह लंबे समय से महेश बाबू के अभिनय के प्रशंसक रहे हैं और उनकी प्रतिभा से पहले से परिचित थे। हालांकि, इस बार उन्हें सबसे अधिक प्रभावित महेश बाबू का प्रोफेशनल रवैया और सेट पर उनका अटूट फोकस देखकर हुआ।उन्होंने कहा कि महेश बाबू सेट पर कभी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते।
वह शूटिंग स्थल पर पहुंचने से पहले अपना फोन कार में छोड़ देते हैं और काम खत्म होने के बाद ही उसे देखते हैं। राजामौली के अनुसार, ब्रेक के दौरान भी महेश फोन में व्यस्त रहने के बजाय चुपचाप बैठकर आसपास हो रही गतिविधियों का अवलोकन करते रहते हैं। राजामौली ने बताया कि महेश बाबू की यह आदत उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि अब वह भी अपने परिवार के साथ समय बिताते समय मोबाइल फोन से दूरी बनाने की कोशिश करते हैं।
गौरतलब है कि राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ में महेश बाबू के साथ प्रियंका चोपड़ा जोनास और पृथ्वीराज सुकुमारन भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के 07 अप्रैल, 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने की योजना है।

