इंदौर: वारिस उर्फ वीरू के खिलाफ अब एक और युवती ने भंवरकुआं थाने में शिकायत की है. युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके फोटो-वीडियो अपने पास रखकर उसे ब्लैकमेल किया और शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया था, शिकायत सामने आने के बाद मामले की पुलिस जांच शुरू हो गई है.युवती ने पुलिस को बताया कि सितंबर 2024 में सिंधी कॉलोनी में नौकरी करने के दौरान उसकी वारिस से पहचान हुई थी. इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई. युवती के मुताबिक, दिसंबर में आरोपी उसे भंवरकुआं क्षेत्र स्थित एक कैफे में लेकर गया था, जहां उसके फोटो और वीडियो बनाए थे.
युवती का आरोप है कि बाद में इन्हीं फोटो-वीडियो को लेकर उसे धमकाया जाने लगा. विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ अभद्रता और मारपीट भी की. युवती का कहना है कि उसने आरोपी से दूरी बनाई तो उसने उसके वीडियो अपने दोस्त मोइन खान को दे दिए. इसके बाद मोइन खान ने भी वीडियो के आधार पर उस पर संबंध बनाने के लिए दबाव डाला. नई शिकायत के बाद करणी सेना के पदाधिकारी भी युवती के साथ थाने पहुंचे. संगठन के पदाधिकारियों का दावा है कि कुछ और युवतियां भी आरोपी के खिलाफ शिकायत कर सकती हैं. पुलिस अब युवती के बयान के साथ मोबाइल फोन, फोटो-वीडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है, आरोपों की पुष्टि होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
एक दिन पहले भी सामने आया था मामला
इस शिकायत से एक दिन पहले वारिस शेख के खिलाफ एक अन्य युवती ने लसूड़िया थाने में शिकायत की थी. उस मामले में भी युवती ने वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने और दबाव बनाने के आरोप लगाए थे. अब दूसरी शिकायत सामने आने के बाद पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच के साथ यह भी पता लगा रही है कि इनके बीच कोई आपसी संबंध है या नहीं.
