पूर्व सीईसी राजीव कुमार बनेंगे एचडीएफसी बैंक के नये चेयरमैन

मुंबई, 30 जून (वार्ता) भारत के पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त एवं केंद्र सरकार में वित्त सचिव रहे राजीव कुमार को एचडीएफसी बैंक ने अपना चेयरमैन नियुक्त किया है। बैंक ने शेयर बाजारों को बताया कि निदेशकमंडल की सोमवार को हुई बैठक में अंशकालिक चेयरमैन के पद पर श्री कुमार की नियुक्ति को मंजूरी प्रदान की गयी। उनका कार्यकाल तीन साल का होगा। उनकी नियुक्ति को रिजर्व बैंक से स्वीकृति मिलने के बाद उसी दिन से उनका कार्यकाल प्रारंभ हो जायेगा। एचडीएफसी बैंक के तत्कालीन चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती ने 18 मार्च को अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपने इस्तीफे में लिखा था कि पिछले दो साल उन्होंने कुछ ऐसी गतिविधियां देखीं जो उनके निजी नैतिक मूल्यों के अनुरूप नहीं थीं। उन्होंने कहा था कि यही उनके इस्तीफे का कारण है।

इसके बाद बैंक ने केकी मिस्त्री को अंतरिम अंशकालिक चेयरमैन नियुक्त किया था। वह 19 मार्च से यह जिम्मेदारी निभा रहे हैं। श्री कुमार सितंबर 2017 से फरवरी 2020 तक वित्त सचिव रह चुके हैं। वह 15 मई 2022 से 18 फरवरी 2025 तक देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त भी रह चुके हैं। श्री कुमार को बैंक के एचडीएफसी बैंक के निदेशकमंडल में अतिरिक्त निदेशक (स्वतंत्र निदेशक) के रूप में मंगलवार 30 जून 2026 से शामिल किया गया है। इस पद पर उनकी नियुक्ति चार साल के लिए की गयी है। निदेशकमंडल के इस फैसले को शेयरधारकों की मंजूरी मिलनी शेष है। बैंक के शेयरधारकों की वार्षिक आम बैठक 05 अगस्त को होनी है। उसी बैठक में श्री कुमार की नियुक्ति का प्रस्ताव भी मंजूरी के लिए रखा जायेगा।

.....

Next Post

गुना के सांई सिटी कॉलोनी में खूनी खेल, मामूली बात पर किशोर को उतारा मौत के घाट

Tue Jun 30 , 2026
गुना:कैंट थाना क्षेत्र स्थित मुहालपुर रोड की सांई सिटी कॉलोनी में मामूली विवाद के चलते 17 वर्षीय मोहित रजक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घायल किशोर को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार […]

You May Like