आर्थिक तंगी से परेशान मां-बेटी ने पेड़ से लटककर की खुदकुशी 

अनूपपुर। जिले के कोतमा थाना क्षेत्र के खमरोध गांव से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ आर्थिक तंगी और पारिवारिक परिस्थितियों से तंग आकर एक मां और उसकी जवान बेटी ने रविवार शाम आम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना वाली जगह से पुलिस को एक भावुक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा है— “हम किसी पर बोझ नहीं बनना चाहते।”

बाजार से खरीदी रस्सी, फिर उठाया आत्मघाती कदम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 42 वर्षीय मीरा रैदास और उनकी 24 वर्षीय बेटी पूनम रैदास के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि रविवार सुबह मां-बेटी कोतमा बाजार गई थीं, जहां से उन्होंने रस्सी खरीदी। इसके बाद शाम करीब चार बजे दोनों ने गांव से कुछ दूरी पर एक एकांत स्थान पर स्थित आम के पेड़ की दो अलग-अलग डालियों पर फंदा बनाया और उस पर लटक गईं। जब एक स्थानीय ग्रामीण ने शवों को देखा, तो इसकी सूचना तुरंत गांव वालों और पुलिस को दी।

कोर्ट में चल रहा था भरण-पोषण का मामला

मृतका मीरा रैदास लंबे समय से अपने पति से अलग रह रही थीं और मायके में ही अपनी बेटी पूनम का पालन-पोषण कर रही थीं। दोनों के बीच कोर्ट में भरण-पोषण की राशि को लेकर मामला भी चल रहा था। बताया जा रहा है कि पति वर्तमान में जमुना में रहता है और निजी नौकरी के साथ खेती-बाड़ी करता है। वहीं, 24 वर्षीय बेटी पूनम ग्रेजुएट थी और आगे कंप्यूटर का कोर्स कर रही थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया: “प्रारंभिक जांच में मामला पूरी तरह से आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मौके से मृतका की बेटी द्वारा लिखा गया एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसे जब्त कर जांच की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं और कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों व ग्रामीणों के बयान दर्ज कर विस्तृत विवेचना कर रही है।

इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे खमरोध गांव में मातम का माहौल है और हर कोई इस दुखद अंत से स्तब्ध है।

Next Post

एमपीएसयू ने निकाला 'आस्था बचाओ - अर्थी जुलूस

Mon Jun 29 , 2026
जबलपुर। म.प्र. छात्र संघ के तत्वाधान में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में पारदर्शिता की मांग को लेकर ‘आस्था बचाओ – अर्थी जुलूस का आयोजन कमानिया गेट से मालवीय चौक तक किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला उपाध्यक्ष आकाश खरे ने किया। इस दौरान सैकड़ों रामभक्तों और छात्र कार्यकर्ताओं ने […]

You May Like