
पन्ना, हीरों की नगरी पन्ना में एक बार फिर आदिवासी युवक राकेश गोंड की किस्मत चमकी है। अहिरगवां क्षेत्र की निजी खदान में उसे 11.19 कैरेट का जेम क्वालिटी हीरा मिला है। जानकारों के मुताबिक इसकी अनुमानित कीमत 40 से 50 लाख रुपये है।
राकेश ने अप्रैल में निजी भूमि का पट्टा लिया था। भाइयों और रिश्तेदारों के साथ दो महीने की मेहनत के बाद सोमवार को यह हीरा मिला। उसने हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है।
यह दूसरी बार है जब राकेश के परिवार को बड़ी सफलता मिली। जुलाई 2024 में भी उसे कृष्णा कल्याणपुर स्थित पटी उथली खदान से 19.22 कैरेट का हीरा मिला था, जिसकी नीलामी से 93 लाख रुपये मिले थे।
हीरा अधिकारी डॉ. रवि पटेल के अनुसार इस हीरे को आगामी शासकीय नीलामी में रखा जाएगा। नीलामी से प्राप्त राशि में से रॉयल्टी काटकर शेष रकम राकेश गोंड के खाते में ट्रांसफर की जाएगी।
