लक्ष्मीबाई नगर मंडी में सुरक्षा बढ़ाने की मांग

इंदौर: लक्ष्मीबाई नगर मंडी प्रांगण में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठी है. मंडी सचिव ओ पी खेड़े द्वारा दिए गए विवरण के अनुसार, मंडी की आवंटित भूमि पर पिछले कुछ वर्षों में अवैध झुग्गी-झोपड़ियों का निर्माण हो गया है, जहां कथित रूप से जुआ, शराबखोरी और मादक पदार्थों की अवैध बिक्री जैसी गतिविधियां संचालित हो रही हैं.

सचिव खेड़े के अनुसार, मंडी प्रांगण के सामने स्थित शराब दुकान के कारण क्षेत्र की संवेदनशीलता और बढ़ गई है. पूर्व में भी नशे की हालत में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा हथियार लहराकर सुरक्षा कर्मियों से विवाद और अभद्र व्यवहार किए जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. मंडी प्रशासन का कहना है कि इन घटनाओं से व्यापारियों, हम्मालों, तुलावटियों एवं शासकीय कर्मचारियों में भय का माहौल है. मंडी में बड़ी मात्रा में नकदी लेनदेन होने और कृषि उपज के भंडारण के कारण चोरी और डकैती की आशंका भी बनी रहती है.
रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
आरोप है कि असामाजिक तत्व मंडी की सुरक्षा हेतु लगाई गई लोहे की जालियों को क्षतिग्रस्त कर रात के समय परिसर में प्रवेश करते हैं. विरोध करने पर सुरक्षाकर्मियों को जान से मारने की धमकियां भी दी जाती हैं. इन परिस्थितियों को देखते हुए मंडी सचिव ने प्रांगण और आसपास क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और मंडी का संचालन भयमुक्त वातावरण में हो सके.

Next Post

पीथमपुर में नए उद्योगों को भूमि आवंटित

Thu Jun 25 , 2026
इंदौर:एमपीआईडीसी द्वारा औद्योगिक विकास के लिए आज पीथमपुर इंडस्टि्रयल एरिया के सेक्टर-7 में विभिन्न कंपनियों को 27 हैक्टेयर से ज्यादा जमीन आवंटित की गई है. उक्त जमीन पर करीब 19 सौ करोड़ से ज्यादा का निवेश होने की संभावना है. साथ ही 18 सौ लोगों को रोजगार मिलेगा.आर्थिक एवं औद्योगिक […]

You May Like