
भोपाल। बदलते अपराध स्वरूपों और आधुनिक चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) द्वारा आयोजित 15 दिवसीय विशेष स्मार्ट पुलिसिंग प्रशिक्षण शिविर का समापन पीटीआरआई प्रशिक्षण केंद्र, भोपाल में हुआ। समापन समारोह में विशेष पुलिस महानिदेशक (दूरसंचार) संजीव कुमार शमी तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (रेल) राजा बाबू सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
8 से 22 जून तक आयोजित प्रशिक्षण में भोपाल, इंदौर और जबलपुर जीआरपी इकाइयों के आरक्षक से निरीक्षक स्तर तक के 30 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस बल को तकनीकी रूप से दक्ष, संवेदनशील और जनोन्मुख बनाना था।
शिविर में प्रतिभागियों को साइबर अपराधों की जांच एवं रोकथाम, फॉरेंसिक विज्ञान, मानवाधिकार संरक्षण, तनाव प्रबंधन तथा नागरिकों से प्रभावी संवाद स्थापित करने संबंधी विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। रेल पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
