जोबट में 19 लाख की चोरी का 72 घंटे में पर्दाफाश

आलीराजपुर। जिले की जोबट पुलिस ने सक्रियता, तकनीकी जांच और मजबूत मैदानी नेटवर्क के बल पर अनाज व्यापारी की दुकान से 19 लाख रुपए नगदी चोरी करने की सनसनीखेज वारदात का मात्र 72 घंटे में पर्दाफाश कर बड़ी सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गई पूरी राशि 19 लाख रुपए नगद बरामद कर ली है। साथ ही घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बलेनो कार भी जब्त की गई है।

इस बड़ी सफलता की जानकारी पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश कुमार सिंह ने जोबट में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि जिले में चोरी, लूट एवं संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति उमठ बघेल के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी जोबट श्री रविन्द्र राठी के नेतृत्व में जोबट पुलिस टीम ने गंभीर चोरी की इस वारदात का त्वरित खुलासा किया है।

 

व्यापारी की दुकान से गायब हुआ 19 लाख रुपए से भरा बैग

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 18 जून 2026 को सुबह लगभग 10:35 बजे से 11:00 बजे के बीच फरियादी प्रदीप जैन, जो अनाज व्यापारी हैं, अपनी दुकान दालमील परिसर में अनाज खरीदी-बिक्री का कार्य कर रहे थे। अनाज खरीदी के लिए उन्होंने 19 लाख रुपए नगदी से भरा बैग अपने काउंटर पर रखा हुआ था।

 

इसी दौरान वे काउंटर से उठकर मजदूरों को कार्य बताने गए। कुछ देर बाद जब वे वापस काउंटर पर पहुंचे तो देखा कि 19 लाख रुपए नगदी से भरा बैग वहां से गायब था। इसके बाद फरियादी ने तत्काल अपनी दुकान के सीसीटीवी फुटेज चेक किए, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति नगदी से भरा बैग चोरी कर ले जाते हुए दिखाई दिया।

 

फरियादी की सूचना पर थाना जोबट में अपराध क्रमांक 258/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

 

सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस, खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज

 

घटना की सूचना मिलते ही जोबट पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और थाना प्रभारी जोबट को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा चोरी गए मश्रुका की बरामदगी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना जोबट पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में यह स्पष्ट हुआ कि एक अज्ञात व्यक्ति दुकान से नगदी से भरा बैग चोरी कर अपने अन्य साथियों के साथ पैदल-पैदल बाजार क्षेत्र से होते हुए पुराने बस स्टैंड तक पहुंचा। वहां से आरोपी अपने साथियों के साथ नई बलेनो कार में बैठकर झाबुआ की ओर फरार हो गए।

 

झाबुआ से महाराष्ट्र और बुरहानपुर तक चली तलाश

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए जोबट पुलिस टीम ने सायबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश तेज कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, संदिग्धों की गतिविधियों और मुखबिर तंत्र के आधार पर बदमाशों की खोजबीन शुरू की।

 

पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में झाबुआ, राजगढ़, धार, बेटमा, पुणे महाराष्ट्र सहित कई स्थानों पर दबिश दी। लगातार पीछा करते हुए पुलिस टीम बुरहानपुर पहुंची, जहां से संदेही रमाकांत पिता महिपाल सोलंकी जाति पारदी, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम रावत जुनागांव, बेटमा, थाना बेटमा, जिला इंदौर को पकड़ा गया।

 

रमाकांत से की गई पूछताछ में उसके अन्य साथियों के नाम सामने आए। इसके बाद पुलिस ने काजुसिंह पिता भारत राठोड़ जाति पारदी, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम कालासुरा, थाना बेटमा, जिला इंदौर एवं रजत पिता रूपधारक सोलंकी जाति पारदी, उम्र 25 वर्ष, निवासी पिरजलार, थाना बड़नगर, जिला उज्जैन को उन्हेल से पकड़ा और पूछताछ के लिए थाना जोबट लाया गया।

 

पूछताछ में आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

 

आरोपी के घर से 19 लाख रुपए नगद बरामद

 

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी काजुसिंह के घर से चोरी की गई पूरी राशि 19 लाख रुपए नगदी बरामद कर ली। इसके साथ ही आरोपी रमाकांत के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बलेनो कार क्रमांक एमपी 09 जेड बी 4246 को भी जब्त किया गया।

 

पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में आरोपियों का एक अन्य साथी साईन पिता भारत राठौड़ जाति पारदी, निवासी कालासुरा, थाना बेटमा, जिला इंदौर घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से आगे पूछताछ जारी है, जिससे अन्य वारदातों या आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी मिलने की संभावना है।

 

1. आरोपी काजुसिंह के कब्जे से चोरी गई राशि 19 लाख रुपए नगदी जब्त।

2. आरोपी रमाकांत के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बलेनो कार क्रमांक एमपी 09 जेड बी 4246 जब्त।

गिरफ्तार आरोपी

1. रमाकांत पिता महिपाल सोलंकी जाति पारदी, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम रावत जुनागांव, बेटमा, थाना बेटमा, जिला इंदौर।

2. काजुसिंह पिता भारत राठोड़ जाति पारदी, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम कालासुरा, थाना बेटमा, जिला इंदौर।

3. रजत पिता रूपधारक सोलंकी जाति पारदी, उम्र 25 वर्ष, निवासी पिरजलार, थाना बड़नगर, जिला उज्जैन।

 

पुलिस की तत्परता से आमजन में विश्वास बढ़ा

 

पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश कुमार सिंह ने बताया कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रही है। जोबट में हुई इस चोरी की वारदात को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए तकनीकी जांच, सीसीटीवी विश्लेषण, सायबर सेल की सहायता और मैदानी पुलिसिंग के समन्वय से मात्र 72 घंटे में सुलझाया है।

 

उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है।

 

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी जोबट निरीक्षक विजय वास्कले, उपनिरीक्षक गोविन्दसिंह कटारे, आरक्षक 74 गजेन्द्र, आरक्षक 523 चेनसिंह, आरक्षक 453 मनीष, आरक्षक 27 उमेश, आरक्षक 293 रमेश, आरक्षक 530 रवि, थाना प्रभारी बोरी निरीक्षक नेपालसिंह चौहान, सउनि विक्रम लाखन, आरक्षक 64 विशाल तथा सायबर सेल टीम के प्रधान आरक्षक दिलीप, आरक्षक प्रमोद एवं आरक्षक नागर सोलंकी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

 

जोबट पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से जहां चोरी की पूरी राशि बरामद हुई है, वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी से आमजन और व्यापारियों में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

Next Post

कांग्रेसियों ने विधायक के नेतृत्व में घेरा विद्युत अभियंता कार्यालय

Mon Jun 22 , 2026
जबलपुर। पूर्व विधानसभा क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती, जर्जर विद्युत व्यवस्था एवं उपभोक्ताओं के शोषण के विरोध में विधायक लखन घनघोरिया के नेतृत्व में उग्र आंदोलन किया गया। सबसे पहले कांग्रेसियों ने स्थानीय लोगों के बड़े जनसमूह के साथ मिलकर पीली कोठी में विशाल जनसभा की और फिर विद्युत मंडल […]

You May Like