
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल को पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण तथा संसाधनों के कुशल उपयोग के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा प्रतिष्ठित ग्रीनको सिल्वर रेटिंग से सम्मानित किया गया है।
यह प्रमाणन 18 एवं 19 जून को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सीआईआई ग्रीनको समिट-2026 के दौरान प्रदान किया गया। यह सम्मान उन संस्थानों को दिया जाता है जो पर्यावरणीय स्थिरता के क्षेत्र में सीआईआई द्वारा निर्धारित कठोर मानकों पर खरे उतरते हैं तथा सामग्री संरक्षण, ऊर्जा दक्षता, अपशिष्ट में कमी और पर्यावरण-अनुकूल औद्योगिक प्रक्रियाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं।
बीएचईएल भोपाल की यह उपलब्धि कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन का परिणाम है। उनके निर्देशन में संयंत्र में पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने तथा सतत विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए अनेक पहलें सफलतापूर्वक लागू की गई हैं।
बीएचईएल प्रबंधन की ओर से यह पुरस्कार सपन सुहाने, अपर महाप्रबंधक (एचएसई) तथा राजकुमार मीना, प्रबंधक (एचएसई) ने ग्रहण किया।
सीआईआई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित संस्था से प्राप्त ग्रीनको सिल्वर रेटिंग बीएचईएल भोपाल के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान पर्यावरणीय उत्तरदायित्व, सतत विकास और निरंतर सुधार के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है तथा देश के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के औद्योगिक उपक्रम के रूप में उसकी प्रतिष्ठा को और सुदृढ़ बनाता है।
