गुना के म्याना में सनसनी: एक ही मकान से 24 घंटे में मिले तीन शव, इलाके में हड़कंप

गुना। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती म्याना थाना क्षेत्र में एक बेहद सनसनीखेज और रहस्यमय मामला सामने आया है। यहां एक ही मकान के भीतर 24 घंटे के दौरान तीन शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत और हड़कंप का माहौल है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी हितिका वासल ने स्वयं मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला है। शुरूआती जांच में मामला अवैध संबंधों से जुड़ा होने और हत्या की आशंका जताई जा रही है। जानकारी सामने आई है कि म्याना में स्थित एक मकान में ओमप्रकाश नामक किसान अकेले रहकर खेती-किसानी का काम करता था। बीते दिन किसी पड़ोसी की सूचना पर पुलिस ने मकान के एक कमरे से ओमप्रकाश का शव बरामद किया था। मामले में नया और चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब पुलिस टीम ने सोमवार को दूसरे दिन एक बार फिर मकान की सघन छानबीन की। इस दौरान मकान के दूसरे कमरे से एक महिला और एक अन्य पुरुष के शव भी बरामद हुए। दूसरे कमरे से मिले महिला और पुरुष के शव करीब 3 से 4 दिन पुराने बताए जा रहे हैं, जो अत्यधिक समय बीतने के कारण सड़ चुके थे। पुलिस को अंदेशा है कि यह पूरा मामला रिलेशनशिप से जुड़ा हो सकता है। मृतकों में शामिल महिला की पहचान हो चुकी है, वह शिवपुरी जिले के बदरवास की रहने वाली बताई जा रही है। फिलहाल हत्या के सटीक तरीके की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। सोमवार को मिले दोनों शवों का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के विशेष पैनल से कराया गया है। एक ही घर से तीन लाशें मिलने की खबर फैलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक की टीम तत्काल मौके पर पहुँची। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बारीकी से साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस हर एंगल से इस तिहरे हत्याकांड या संदिग्ध मौत के मामले की जांच में जुटी है।

Next Post

आईजी मिथिलेश शुक्ला ने थाना अलीपुरा का किया आकस्मिक निरीक्षण

Mon Jun 22 , 2026
छतरपुर। सागर जोन के आईजी मिथिलेश शुक्ला ने डीआईजी छतरपुर रेंज विजय कुमार खत्री एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के साथ थाना अलीपुरा का आकस्मिक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण […]

You May Like