
ब्यावरा। सिटी थाना प्रभारी शिवराज चौहान के नेतृत्व में थाना सिटी पुलिस ने चोरी के एक प्रकरण का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया शत-प्रतिशत मशरूका बरामद किया है. मामला हाल ही में 17 जून का है. फरियादी लक्ष्मीचन्द पिता अनार सिंह, निवासी सुल्तानपुरा थाना कालीपीठ जिला राजगढ़ द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि बस स्टैण्ड स्थित गोलू होटल के पास उसकी दूध की टंकी में रखे 1 लाख 50 हजार रुपये अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिए गए हैं. फरियादी की रिपोर्ट पर थाना ब्यावरा शहर में अपराध क्रमांक 443/2026 धारा 303(2) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की गई. विवेचना के दौरान आरोपी भेरूसिंह पिता नारायण सिंह सुतार, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम गवाड़ा, थाना पचोर को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया. आरोपी के कब्जे से चोरी गई नकदी राशि 1 लाख 50 हजार शत-प्रतिशत मशरूका बरामद की गई है. साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 09 एमपी 5748 प्लेटिना भी जप्त की गई है. प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी लगाने की अपील- थाना ब्यावरा सिटी पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से प्रकरण का शीघ्र खुलासा कर चोरी गया सम्पूर्ण मशरूका बरामद करने में सफलता प्राप्त हुई है. राजगढ़ पुलिस आमजन से अपील करती है कि अपने घर, प्रतिष्ठान, दुकान, गोदाम एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाएं तथा उन्हें नियमित रूप से चालू अवस्था में रखें. सीसीटीवी कैमरे अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों की पहचान में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस एवं आमजन की सहभागिता आवश्यक है. प्रकरण के सफल खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवराज चौहान, उप निरीक्षक विवेक शर्मा, सउनि. सीता यादव, सहायक उप निरीक्षक सागर मीणा, प्रधान आरक्षक मनोज, धीरेंद्र एवं अंकित की भूमिका रही.
