निर्धारित मानकों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाना चाहिए निर्माण कार्य : रीती

सीधी । विधायक सीधी रीती पाठक ने जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी, गोपालदास मंदिर परिसर, नौढिय़ा स्थित प्रगतिरत रेलवे स्टेशन, शासकीय कन्या महाविद्यालय सीधी में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम हॉल तथा जनपद पंचायत के प्रस्तावित नवीन भवन के लिए चिन्हित भूमि का अवलोकन किया।

इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि विकास कार्य केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं हैं बल्कि ये जिले के भविष्य और नागरिकों की सुविधाओं से सीधे जुड़े हुए हैं। इसलिए प्रत्येक परियोजना का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाना चाहिए। डिजिटल लाइब्रेरी के निरीक्षण के दौरान विधायक ने विशेष रूप से बच्चों और युवाओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लाइब्रेरी को आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त स्वरूप दिया जाए, जिससे विद्यार्थियों को अध्ययन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और डिजिटल संसाधनों तक बेहतर पहुंच मिल सके। विधायक ने नौढिय़ा स्थित प्रगतिरत रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन के उन्नयन से क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा आवागमन को नई गति मिलेगी। वहीं गोपालदास मंदिर परिसर का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीढ़ी एवं नाली निर्माण के निर्देश दिए। इसके अलावा विधायक ने जनपद पंचायत के प्रस्तावित नवीन भवन के लिए चयनित भूमि का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान एसडीएम गोपद बनास राकेश शुक्ला, तहसीलदार गोपद बनास राकेश शुक्ला, भाजपा नेता विश्वबंधुधर द्विवेदी, पुनीत नारायण शुक्ला, पुष्पराज सिंह, पंकज पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

००

महाविद्यालय की सुविधाओं का बारीकी से किया अवलोकन

शासकीय कन्या महाविद्यालय सीधी में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम हॉल का निरीक्षण करते हुए विधायक ने भवन की संरचना, बैठने की व्यवस्था, मंच, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को आवश्यक कमियों को शीघ्र दूर करने तथा छात्राओं की आवश्यकता के अनुरूप सभी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महाविद्यालय परिसर में निरीक्षण के दौरान उपस्थित कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि जिले में संचालित सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनहित से जुड़े सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिससे नागरिकों को शीघ्र लाभ मिल सके।

०००००००००००

Next Post

एसआईआर में 12 राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों में राजस्थान को अव्वल बनाने में बीएलओ की रही अहम भूमिका-ज्ञानेश

Sat Jun 20 , 2026
जयपुर, 20 जून (वार्ता) भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने शनिवार को कहा कि 12 राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों में हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में राजस्थान को प्रथम स्थान पर लाने में यहां के बीएलओ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। श्री […]

You May Like