
सीहोर/आष्टा। भोपाल-इंदौर हाईवे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में नई कार खरीदने जा रहे परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं. जावर थाना क्षेत्र के सेमली बारी के पास स्कॉर्पियो का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में बुआ-भतीजे की मौके पर मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है.
नई कार खरीदने की खुशी में इंदौर से भोपाल जा रहे एक परिवार के लिए बुधवार का दिन दुखद साबित हुआ. भोपाल-इंदौर हाईवे पर जावर थाना क्षेत्र के सेमली बारी के समीप स्कॉर्पियो वाहन का टायर अचानक फट जाने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. इस भीषण हादसे में बुआ-भतीजे की मौत हो गई, जबकि बच्चों समेत 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
जानकारी के अनुसार इंदौर निवासी गर्ग और अग्रवाल परिवार को जिस मॉडल की नई कार खरीदनी थी, वह इंदौर में उपलब्ध नहीं थी1 इस कारण दोनों परिवारों के 12 सदस्य स्कॉर्पियो वाहन से भोपाल कार खरीदने के लिए रवाना हुए थे. वे भोपाल पहुंच पाते, उससे पहले ही सेमली बारी के पास वाहन का टायर फट गया. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई. हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार इंदौर निवासी 38 वर्षीय मयूरेश गर्ग पिता संतोष गर्ग तथा उनकी बुआ 51 वर्षीय संगीता अग्रवाल पति सुनील अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई.
दुर्घटना में वाहन का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में सुनील अग्रवाल, शर्मिला गर्ग, कनक गर्ग, सुरभि अग्रवाल, सुरभि, पलक अग्रवाल, रिमी अग्रवाल, प्रखर अग्रवाल, स्वप्निल गर्ग तथा दो वर्षीय दूर्विक गर्ग घायल हो गए. दुर्घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया तथा बड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला जा सका. सूचना मिलते ही जावर थाना पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची. सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए देवास जिले के सोनकच्छ शासकीय अस्पताल भेजा गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए सभी घायलों को इंदौर रेफर कर दिया गया. जावर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
मृतक मयूरेश का भाजपा से गहरा नाता
बताया जा रहा है कि हादसे में मृतक मयूरेश गर्ग भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए थे और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के करीबी माने जाते थे. हादसे की जानकारी मिलते ही मंत्री के पुत्र एवं इंदौर के पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय सोनकच्छ अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना. इसके अलावा भी बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंच गए थे.
