
मक्सी, मक्सी के सिरोलिया रोड स्थित अंडरब्रिज के पास अज्ञात चोरों ने विद्युत परियोजना में उपयोग किए जा रहे करीब 20 लाख रुपए मूल्य के एल्यूमिनियम के तार की चोरी कर लिए. चोरी की इस घटना से निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदारों में हडक़ंप मच गया है.
जानकारी के अनुसार, एमपीआईडीसी की विद्युत लाइन परियोजना के तहत फेस-2 मक्सी इंडस्ट्रियल एरिया के लिए विद्युत लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है. इस कार्य का जिम्मा आरआर एंड संस कंपनी के पास है. कंपनी से जुड़े ठेकेदार आत्माराम मालवीय आरके इलेक्ट्रिकल्स ने बताया कि सिरोलिया रोड अंडरब्रिज के पास अज्ञात बदमाशों ने लाइन में लगी करीब आठ से दस गाले एल्यूमिनियम के तार काटकर चोरी कर ली. चोरी गई तार की लंबाई लगभग एक किलोमीटर बताई जा रही है. ठेकेदार के अनुसार पूरी लाइन करीब 11 किलोमीटर लंबी है और कार्य अभी निर्माणाधीन है. मंगलवार सुबह करीब 8 बजे घटना की जानकारी उस समय लगी, जब क्षेत्र के एक किसान ने फोन कर बताया कि विद्युत तार लटके हुए दिखाई दे रहे हैं. मौके पर पहुंचकर देखा गया, तो तार चोरी होना सामने आया.
मक्सी थाने में की शिकायत
चोरी गए एल्यूमिनियम तार की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है. घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है.आरआर एंड संस कंपनी की ओर से मंगलवार को मक्सी थाने में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है. पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. लाखों रुपए की तार चोरी होने की घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
