
छतरपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जिले में जन कल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में नगर पालिका छतरपुर द्वारा टाउन हॉल में जन कल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ विधायक ललिता यादव, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विधायक ललिता यादव ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसी उद्देश्य से ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया ने कहा कि नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका द्वारा लगातार शिविर लगाए जा रहे हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी माधुरी शर्मा ने बताया कि विभिन्न शाखाओं द्वारा प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
शिविर में प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान योजना तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कुल 105 आवेदनों में से 56 का मौके पर ही निराकरण किया गया।
