मोदी फ्रांस, स्लोवाकिया की छह दिवसीय यात्रा पर रवाना, वैश्विक नेताओं से करेंगे मुलाकात

मोदी फ्रांस, स्लोवाकिया की छह दिवसीय यात्रा पर रवाना, वैश्विक नेताओं से करेंगे मुलाकात

नयी दिल्ली, 13 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को फ्रांस और स्लोवाकिया की छह दिवसीय यात्रा पर रवाना हो गये। इस दौरान वह 15 जून से फ्रांस में आयोजित होने वाले तीन-दिवसीय जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के अलावा कई वैश्विक नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। भारत साझीदार देश के रूप में इस समूह की बैठक में तेरहवीं बार भाग ले रहा है।

आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार श्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान फ्रांस और स्लोवाकिया के शीर्ष नेतृत्व के साथ संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री की फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ विस्तृत द्विपक्षीय वार्ता होगी, जिसमें रणनीतिक, आर्थिक, रक्षा, प्रौद्योगिकी तथा नवाचार सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की जाएगी।

श्री मोदी फ्रांस के शहर नीस, एवियन और पेरिस का दौरा करेंगे। जी-7 सम्मेलन के दौरान उनकी समूह के सदस्य देशों के नेताओं, साझीदार देशों तथा अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात होने की संभावना है। सम्मेलन में दक्षिण कोरिया, केन्या, ब्राजील और मिस्र जैसे देशों को भी साझीदार देश के रूप में आमंत्रित किया गया है। यात्रा के दौरान पश्चिम एशिया की स्थिति सहित विभिन्न वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र में सुधार और सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता का मुद्दा भी एजेंडे में प्रमुखता से शामिल रहने की संभावना है।

फ्रांस के साथ प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग यात्रा का प्रमुख केंद्र रहेगा। इस दौरान दोनों देशों के बीच स्टार्टअप, विश्वविद्यालयों और नवाचार संस्थानों के सहयोग से जुड़े कई समझौतों पर हस्ताक्षर किये जाने की संभावना है। स्लोवाकिया यात्रा के दौरान रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने पर विशेष चर्चा होगी तथा दोनों देशों के बीच कुछ समझौतों पर हस्ताक्षर किये जाने की भी संभावना है। प्रधानमंत्री 13 से 14 जून तक फ्रांस के नीस में रहेंगे। इसके बाद वह 14 से 16 जून तक स्लोवाकिया की यात्रा करेंगे और फिर पेरिस लौटेंगे।

 

 

.....

Next Post

आईजी कॉन्फ्रेंस में बनी अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग की रणनीति

Sat Jun 13 , 2026
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय आईजी कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न विषयों पर अधिकारियों के साथ चर्चा की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बेहतर पुलिसिंग, आमजन […]

You May Like