शिवपुरी: आदिवासी परिवारों की सुरक्षा और न्याय के लिए करेरा प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिलारपुर क्रेशर को सील कर दिया। करेरा एसडीएम अनुराग निंगवाल ने लगभग 200 ग्रामीणों की मौजूदगी में यह कार्रवाई कराई। विशेष बात यह रही कि प्रशासनिक टीम आधी रात बाद तक मौके पर डटी रही और पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, सिलारपुर क्रेशर पर की जा रही ब्लास्टिंग के दौरान उड़कर निकलने वाले पत्थरों से बन्हा क्षेत्र में निवासरत कई आदिवासी परिवारों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने करेरा-सिलारपुर मार्ग पर हाईवे जाम कर दिया। जाम के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम अनुराग निंगवाल तहसीलदार ललित शर्मा और थाना प्रभारी विनोद सिंह छावई तत्काल मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
इसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सिलारपुर क्रेशर को सील करने की कार्रवाई शुरू की। इस कार्रवाई ने यह संदेश दिया कि आमजन, विशेषकर आदिवासी परिवारों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि पहली बार उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया है।
