.
गरोठ। पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य मे वन परिक्षेत्र गरोठ की बीट शामगढ़ पूर्व के ट्रेंचिंग ग्राउंड में नगर वाटिका का लोकार्पण कर इसके गेट जन सामान्य हेतु खोले गये। इस अवसर पर मुख्य अतिथि हरदीप सिंह डंग एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय नगर परिषद् शामगढ़ अध्यक्ष कविता नरेंद्र यादव भी मौजूद रही। शामगढ़ नगर के अन्य गणमान्य नागरिक भी इस कार्यक्रम में उपस्तिथ रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में उपवन मण्डलाधिकारी गरोठ सरोज रोज द्वारा सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत पुष्प माला के साथ किया गया, जो प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक रहा। इसके पश्चात उनके द्वारा नगर वन योजना के बारे में बताया एवं नगर वन शामगढ़ के महत्व को बताया। वन विभाग के विशेषज्ञों ने बच्चों को जंगल की कार्यप्रणाली, जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण के व्यावहारिक पहलुओं से रूबरू कराया।
विधायक डंग द्वारा भगवान श्री कृष्ण के पशु एवं प्रकृति प्रेम का उदाहरण देकर पर्यावरण की उपयोगिता बताई।माननीय नगर परिषद् अध्यक्ष द्वारा पेड़ो को लगाने एवं उनकी सुरक्षा कर उनको बड़ा करने की जरूरत बताई। नगर वाटिका शामगढ़ का विकास शहर के समीप नागरिकों को प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध कराने और नई पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से किया गया है। विधायक श्री डंग ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के प्रोजेक्ट्स न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि लोगो में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का भाव भी जागृत करते हैं। लोकार्पण उपरांत माननीय द्वारा नगर वाटिका में ‘एक पेड़ मां’ के नाम एवं पर्यावरण दिवस के तहत् पौधा रोपण किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद् एवं वन अधिकारी कर्मचारियों के साथ जन सामान्य एवं मीडियाकर्मियों की सहभागिता रही।
