भड़की आग, गेस्ट हाउस में फंसे 10 लोग, धुएं में घुटने लगी सांस, रेस्क्यू कर बचाई जान

इंदौर. निरंजनपुर स्थित खालसा चौक पर शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब काइनेटिक ग्रीन के इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में अचानक आग भड़क उठी. आग का धुआं तेजी से ऊपर बने गेस्ट हाउस में फैल गया, जहां ठहरे लोग अंदर ही फंस गए और उनका दम घुटने लगा. इनमें 5 महिलाएं भी शामिल थीं. हालांकि सभी लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई. लेकिन शोरूम में रखे कुछ वाहन जरूर जल गए हैं .

सुबह करीब साढ़े 7 बजे लगी आग ने कुछ ही देर में पूरे शोरूम को चपेट में ले लिया था. धुआं ऊपर की पहली और दूसरी मंजिल तक पहुंच गया. मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने सबसे पहले गेस्ट हाउस में फंसे 5 महिलाओं सहित करीब 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. वहीं कुछ लोगों ने जान जोखिम में डालकर पास की बिल्डिंग पर सीढ़ियां डालकर खुद ही बाहर निकलने का रास्ता बनाया.

घटना के दौरान आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू में जुट गए. पड़ोस की बिल्डिंग से सीढ़ियां लगाकर और खिड़कियों के सहारे लोगों को एक एक कर बाहर निकाला.

नींद खुली तो चारों तरफ धुआं था ….

गेस्ट हाउस में ठहरी प्रियंका ने बताया, हम गहरी नींद में थे, पहले लगा बाहर कोई झगड़ा हो रहा है, लेकिन जब बाहर देखा तो पूरी बिल्डिंग में धुआं भरा था. बहुत डर लग रहा था, अब यहां रहना मुश्किल लग रहा है.

खिड़की पर लोग फंसे थे, तुरंत सीढ़ी लेकर दौड़े…

पास की बिल्डिंग के केयरटेकर प्रविण राठौड़ ने बताया, सुबह बारिश हो रही थी, इसलिए पहले समझ नहीं आया. जब ऊपर जाकर देखा तो लोग खिड़की के बाहर खड़े थे. तुरंत सीढ़ी लेकर दौड़ा और पुलिस की मदद से लोगों को एक एक कर दूसरी बिल्डिंग में सुरक्षित पहुंचाया.

धुआं देखा तो सबको जगाया, पुलिस ने भी बचाई जान…

चौकीदार प्रदीप ने बताया कि दुबई से आई एक फैमिली 203 या 204 फ्लैट में ठहरी थी. सुबह बारिश के कारण वे बाहर का नजारा देखने उठे थे, तभी धुआं दिखाई दिया. उन्होंने तुरंत बाकी लोगों को सूचना दी, जिसके बाद भगदड़ मच गई. उसी दौरान आरक्षक नरेन्द्र मंडेलिया देवदूत बनकर पहुंचे और 3-4 लोगों की जान बचाई.

फायर ब्रिगेड के शोभाराम यादव ने बताया कि करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया. इस दौरान करीब 10 हजार लीटर पानी का उपयोग किया. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है. आग की चपेट में आकर शोरूम में खड़े 8 इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा और कई काइनेटिक दोपहिया वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए. हालांकि समय रहते रेस्क्यू होने से सभी लोगों की जान बच गई. घटना के बाद सभी लोग अपने परिचितों के यहां चले गए हैं, पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Next Post

ग्वालियर-भिंड रेलखंड पर चला टिकट जांच अभियान

Fri Jun 5 , 2026
ग्वालियर। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में बिना टिकट यात्रियों की रोकथाम हेतु ग्वालियर-भिंड रेलखंड पर व ट्रेनों में बिना टिकट, अनियमित रूप से यात्रा करने वाले, धुम्रपान करने वाले, गंदगी फैलाने वाले यात्रियों की धरपकड़ हेतु वृहद स्तर पर टिकट जांच अभियान चलाया गया। दिनभर चले […]

You May Like