
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से शुक्रवार को समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर प्रदेश का नाम रोशन करने वाली रायसेन जिले के ग्राम सेमरी की निवासी सुश्री अंजना यादव ने सौजन्य भेंट की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने अंजना यादव की उपलब्धि पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अंजना की यह सफलता प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। कठिन परिस्थितियों में विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर विजय प्राप्त कर उन्होंने मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
सुश्री अंजना यादव ने मुख्यमंत्री को अपनी पर्वतारोहण यात्रा और अनुभवों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए खेल और साहसिक गतिविधियों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
