मुलताई। थाना क्षेत्र के ग्राम सरई में मवेशियों को पानी पिलाने गई महिला की कुएं में गिरकर डूबने से मौत हो गई। बताया जाता है ग्राम सरई निवासी गुंता पति हेमर चिचाम (40 वर्ष) सुबह अपने मवेशियों को पानी पिलाने के लिए घर से निकली थीं। काफी देर तक वापस नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान महिला के कुएं में गिरने की जानकारी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा ग्रामीणों की मदद से महिला को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी।
ग्रामीणों ने बताया महिला मवेशियों को पानी पिला रही थीं। इसी दौरान किसी मवेशी के धक्का देने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं में गिर गई,हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। ग्रामीणों का कहना है कि जिस कुएं में हादसा हुआ, वहां सुरक्षा के लिए मुंडेर नहीं बनी हुई थी। लोगों का मानना है कि यदि कुएं के चारों ओर मुंडेर होती तो संभवतः यह हादसा टल सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों ने खुले और असुरक्षित कुओं पर सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
