दो दिन से लापता पुलिस कांस्टेबल का मिला शव, शरीर पर चोट के निशान, सरकारी डाक लेकर गया था

ग्वालियर। शिवपुरी लिंक रोड स्थित नवीन लोहा मंडी के पास झाड़ियों में आज गुरुवार को कांस्टेबल अंकित तोमर (36 वर्ष) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है. तोमर के शरीर पर चोट के निशान हैं. वह दो दिन से लापता था. शव पुलिस वर्दी में मिला. वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुरुआती जांच में हत्या की आशंका भी जताई जा रही है. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.

मृतक वर्तमान में डीआरपी पुलिस लाइन में पदस्थ था और वह सरकारी डाक लेकर मुरैना के अम्बाह गया था, लेकिन वापिस घर नहीं लौटा. अब दो दिन बाद कांस्टेबल अंकित का झाड़ियों में शव मिला है. सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुट गई. पुलिस आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

अंकित तोमर की पिता की ऑन ड्यूटी मौत के बाद वर्ष 2018 में अनुकम्पा नियुक्ति हुई थी. हालांकि वह शराब पीने का आदी था. इसके अलावा वो पैरालाइटिक अटैक से भी पीड़ित था, यही वजह है कि उसका भांजा ड्यूटी पर छोड़ने और लेने जाता था।

अंकित के जीजा भूपेंद्र सिंह के अनुसार, वह बुधवार को मुरैना जिले के अम्बाह विभागीय डाक लेकर गया था, उसके बाद शाम को परिजन से उसकी बात हुई थी. परिजन से कहा था कि थोड़ी देर में आ रहा हूं, लेकिन कुछ समय बाद उसका मोबाइल बंद हो गया. अंकित अविवाहित था और शराब पीने का आदी था.

मृतक के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मृतक अंकित की कोहनी और एडी पर चोट के निशान है. संभवतः एडी में फ्रैक्चर हुआ है. पुलिस का मानना है कि अंकित के शरीर पर मिले चोट के निशान उसकी हत्या जैसे जघन्य अपराध की पुष्टि नहीं करते. मृतक के पैर से एक जूता गायब है. पुलिस ने मौके पर पड़ताल भी की है, लेकिन पुलिस को न ही अंकित का जूता मिला है और न ही कोई सुराग हाथ लगा है.

*जांच में जुटी पुलिस*

पुलिस कांस्टेबल का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की सूचना मिलते ही एसएसपी धर्मवीर सिंह, सीएसपी रॉबिन जैन, थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार, फोरेंसिक टीम सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. मामले की बारीकी से पड़ताल की जा रही है.

Next Post

समान नागरिक संहिता पर उच्च स्तरीय बैठक आयोजित

Thu Jun 4 , 2026
दमोह। समान नागरिक संहिता के अध्ययन व प्रशिक्षण हेतु गठित उच्च स्तरीय समिति की बैठक बुधवार 4 जून को पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित की जा रही है। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में विधिवेत्ता व यूसीसी समिति सदस्य श्री अनूप नायर शामिल हुए। इस अवसर पर भोपाल से […]

You May Like

मनोरंजन