शराब ठेकेदार दिनेश मकवाना आत्महत्या कांड की सीबीआई जांच शुरू

इंदौर: कनाड़िया क्षेत्र में शराब ठेकेदार दिनेश मकवाना आत्महत्या मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने जांच शुरू कर दी है. भोपाल से आई टीम ने मकवाना के घर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की और वित्तीय दस्तावेजों का निरीक्षण किया.सीबीआई की करीब 6 सदस्यीय टीम मकवाना के घर पहुंची और करीब तीन घंटे तक परिजनों से अलग अलग पूछताछ की. टीम ने दिनेश के कमरे का निरीक्षण किया और उनके जीजा से भी घटना से जुड़ी जानकारी ली.

मां संतोष बाई मकवाना के बयान लेने की तैयारी थी, लेकिन तबीयत खराब होने के कारण बयान नहीं हो सके. जांच के दौरान अधिकारियों ने पुलिस द्वारा अब तक की गई कार्रवाई, दर्ज बयानों और जांच की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली. साथ ही यह भी पूछा गया कि यदि दिनेश आबकारी अधिकारी से परेशान थे तो उन्होंने उच्च अधिकारियों से शिकायत क्यों नहीं की. गौरतलब है कि दिनेश मकवाना ने नवंबर 2025 में जहर खाकर आत्महत्या की थी.

मौत से पहले उन्होंने आबकारी विभाग की तत्कालीन उपायुक्त मंदाकिनी दीक्षित पर 22 लाख रुपए रिश्वत लेने और हर महीने 3 लाख रुपए की मांग करने के आरोप लगाए थे. उनके पास पांच शराब दुकानें संचालित थीं. मौत के करीब 45 दिन बाद एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्होंने उक्त आरोप दोहराए थे. वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर संबंधित अधिकारी को निलंबित किया था और मामले की जांच कनाड़िया पुलिस को सौंपी गई थी.

पुलिस जांच से असंतुष्ट होकर मृतक की मां ने 4 दिसंबर 2025 को हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी. सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने 18 मई को सीबीआई जांच के निर्देश दिए, जिसके बाद 22 मई को एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई. सीबीआई टीम ने घर में रखे व्यापार और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों का भी निरीक्षण किया. सूत्रों के मुताबिक टीम मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और आबकारी विभाग से संबंधित जानकारी भी जुटा रही है.

Next Post

UCC का समर्थन, जनसंख्या संतुलन बिगड़ने से बढ़ा धार्मिक तनाव: रामेश्वर

Wed Jun 3 , 2026
भोपाल: हुजूर से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के मुद्दे पर कहा है कि केंद्र और राज्य सरकार इस दिशा में आगे बढ़ रही हैं तथा इसे लागू करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं की जा रही हैं।शर्मा ने आज यहां कहा कि अमित शाह के नेतृत्व […]

You May Like