कुशीनगर, 02 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि निर्माणाधीन गौतमबुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पूर्वांचल के किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण करने के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सरकार की योजना इसी शैक्षणिक सत्र से विश्वविद्यालय का संचालन शुरू करने की है। स्थायी परिसर का निर्माण पूरा होने तक शुरुआती दो-तीन माह के लिए किराये के भवन में शैक्षणिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि पूर्वांचल कृषि प्रधान क्षेत्र है और यहां के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज, वैज्ञानिक खेती तथा कृषि अनुसंधान का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है। इससे खेती को अधिक लाभकारी बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों को नई गति मिलेगी।
योगी ने कहा कि यह विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं होगा, बल्कि कृषि अनुसंधान, नवाचार और तकनीकी विकास का प्रमुख संस्थान बनेगा। यहां होने वाले शोधों का सीधा लाभ किसानों तक पहुंचेगा, जिससे उत्पादन बढ़ाने और कृषि लागत कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह संस्थान अन्नदाताओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय में इसी सत्र से प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है, ताकि विद्यार्थियों का समय व्यर्थ न हो और क्षेत्र को शीघ्र इसका लाभ मिल सके।
कुशीनगर के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में जिले की तस्वीर बदली है। कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है और आधारभूत संरचना के विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई पहचान देगा, जबकि नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर परियोजना से पडरौना, वाराणसी और अन्य प्रमुख शहरों के बीच आवागमन सुगम होगा।
उन्होंने कहा कि कुशीनगर को पहले ही अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सौगात मिल चुकी है, जिससे पर्यटन, व्यापार और निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में फूड प्रोसेसिंग इकाइयों की स्थापना की भी योजना है, जिससे कृषि उत्पादों का स्थानीय स्तर पर मूल्य संवर्धन होगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि कृषि विश्वविद्यालय, बेहतर सड़क संपर्क, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और औद्योगिक निवेश की योजनाएं मिलकर कुशीनगर को पूर्वांचल के विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेंगी। इस अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद विजय कुमार दुबे, सांसद एवं फिल्म अभिनेता रवि किशन, विधायक पी.एन. पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।
