
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल नगर निगम के कथित स्लॉटर हाउस एवं टेंडर अनियमितता मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) द्वारा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अभिनव बरोलिया को बयान और साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए बुलाए जाने का स्वागत किया है।
जीतू पटवारी ने कहा कि अभिनव बरोलिया द्वारा उठाए गए मुद्दों ने पहले ही भाजपा सरकार और प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मामले की जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यपरक तरीके से की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक तथा संगठन के निर्देश पर अभिनव बरोलिया को इस प्रकरण से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करने और कथित अनियमितताओं को उजागर करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब जब ईओडब्ल्यू स्वयं इस मामले में जानकारी और साक्ष्य मांग रही है, तो यह स्पष्ट है कि कांग्रेस द्वारा उठाए गए प्रश्न निराधार नहीं थे।
भाजपा पर निशाना साधते हुए पटवारी ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल वर्षों से गौ संरक्षण, सनातन धर्म और धार्मिक भावनाओं के नाम पर राजनीति करता रहा है, लेकिन जवाबदेही और कार्रवाई की बात आते ही मौन साध लेता है। उन्होंने यह भी कहा कि मुस्लिम समाज के कई प्रतिनिधि समय-समय पर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग कर चुके हैं, ऐसे में भाजपा को अपनी मंशा स्पष्ट करनी चाहिए।
पटवारी ने हिंदूवादी, सामाजिक और धार्मिक संगठनों से राजनीतिक विचारों से ऊपर उठकर सच्चाई सामने लाने के प्रयासों का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभिनव बरोलिया 9 जून को ईओडब्ल्यू के समक्ष उपस्थित होकर अपना बयान और उपलब्ध साक्ष्य प्रस्तुत करेंगे। कांग्रेस को विश्वास है कि जांच के माध्यम से पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।
