ट्विशा शर्मा मौत मामला: पूर्व जज के घर 80 किलो की डमी बॉडी से आरोपियों की मौजूदगी में हुआ क्राइम सीन री-क्रिएशन

भोपाल। चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच में सोमवार को उस समय महत्वपूर्ण मोड़ आया, जब सीबीआई की टीम ने कटारा हिल्स स्थित पूर्व जज गिरिबाला सिंह के निवास पर पहुंचकर डमी बॉडी के माध्यम से घटनास्थल का सीन री-क्रिएशन किया. करीब 80 किलो वजनी पुतले की मदद से घटना के समय की परिस्थितियों को दोबारा परखा गया, जबकि आरोपी गिरिबाला सिंह और उनके पुत्र समर्थ सिंह भी मौके पर मौजूद रहे. वहीं मामले में गवाह के साथ कथित मारपीट, डॉक्टर से पूछताछ, जांच से जुड़े नए खुलासों और आरोपियों की रिमांड समाप्त होने के बीच सीबीआई की जांच और अधिक तेज होती नजर आ रही है.

 

जानकारी के मुताबिक आरोपियों की मौजूदगी में ही अधिकारियों ने करीब 80 किलो वजन की बने पुतले को फंदे पर लटका और उतार कर सीन री- क्रिएशन किया और उस समय की स्थिति को जानने की कोशिश भी की. सीबीआई के अधिकारियों ने इस दौरान घटना के समय मौजूद घर के सामानों को उसी तरह से रखवाए भी. सीबीआई ने यह सीन री- क्रिएशन तब किया, जब आरोपियों से करीब 4 दिन की पूछताछ हुई और उनके तब के बयान और बाद के बयान को स्पष्ट किया जा सके. दोनों ही आरोपियों के बयान घटना के दिन और घटना के बाद से कितना मेल खाते हैं. इसका भी अधिकारियों की तरफ से क्रास चेक किया गया. बताया गया है कि समर्थ ने घटना के दौरान बताया था कि उसने ही ट्विशा को फंदे से उतारा था, जबकि मां गिरिबाला ने फंदे की गांठ खोली थी. पूरे मामले की गहनता से सीबीआई जांच जारी है.

गवाह के साथ मारपीट

यह भी जानकारी सामने आई है कि ट्विशा की मौत के मामले में बनाए गए गवाह के साथ आरोपी समर्थ के दोस्तों ने मारीपीट भी की है. ट्विशा की मौत के मामले में नीरज दुबे नाम के व्यक्ति गवाह हैं. आरोप है कि समर्थ के करीब पांच दोस्तों ने मिलकर नीरज दुबे के साथ 30 मई को मारपीट कर दी. इस घटना का कथित वीडियो भी सामने आने की जानकारी आई है. दुबे की दुकान पूर्व जज गिरिबाला सिंह के घर के पास ही है और घटना वाले दिन भी वह मकान के पास ही थे. आरोप है कि समर्थ के दोस्त संदीप भट्टाचार्य और उसके चार दोस्तों ने नीरज दुबे की पिटाई की है. संदीप और उसके दोस्तों ने नीरज से मामले में गवाह बनने की बात पूछते हुए मारपीट की है. इस मामले को भी गंभीरता से सीबीआई के अधिकारी गंभीरता से ले रहे हैं.

ट्विशा का पुतला

खबर सामने आई है कि सीबीआई के अधिकारियों ने ट्विशा का पुतला तैयार करने का निर्णय तब लिया, जब दोनों ही आरोपियों से घटना के दौरान की गई पूछताछ और बाद में की गई पूछताछ में कुछ संदेह हुआ. इसके साथ ही घटना स्थल पर देखे गए फंदे की ऊंचाई और ट्विशा का उस ऊंचाई तक पहुंच पाना कितना कठिन या आसान था. ट्विशा के पुतले का वजन 80 किलो करने के लिए उसमें रेत भरी गई. इसके साथ ही और पुतले के बने पांव पर लोहे के डंबल भी बांधे गए. दोपहर के करीब दो घंटे तक अधिकारियों ने सीन री- क्रिएशन किया.

ट्विशा की मौत के मामले में सीबीआई के अधिकारियों को पति समर्थ सिंह के बारे में भी खास जानकारी लगी है. बताया जा रहा है कि घटना के बाद समर्थ करीब 3 दिन तक भोपाल में ही रूका था. इसके बाद वह जबलपुर पहुंच गया था और वहां पांच दिन रूका. इस दौरान समर्थ का साथ देने वाले लोगों को भी आरोपी बनाने की तैयारी की जा रही है.

मामले में ट्विशा का गर्भपात कराने वाले डॉक्टर को भी इस पूरे मामले में खास तौर पर देखा जा रहा है. आरोप है कि ट्विशा ने गर्भधारण के बाद जिस डाक्टर के पास चेकअप कराया था. उस डाक्टर ने गर्भपात कराने की सलाह दी थी. सीबीआई के अधिकारियों ने संबंधित डॉक्टर को भी पूछताछ के लिए तलब किया है.

जानकारी सामने आई है कि ट्विशा शर्मा मौत मामले में एक लापरवाही ने जांच की दिशा मोड़ दी थी. ट्विशा का शव जिस फांसी के फंदे पर लटका देखा गया, उसे कटारा हिल्स थाने के एसआई दिनेश शर्मा दो दिन तक अपनी कार में रखे रहे घूमते रहे. मामले में लिगेचर बेल्ट से हत्या की तरफ कहानी मुड़ी थी. बेल्ट नहीं मिलने पर परिजनों ने हत्या का संदेह जताया था. आरोपी को संबंधित बेल्ट को दिनेश शर्मा ने पोस्टमार्टम के समय भी एम्स हॉस्पिटल में जमा नहीं कराया था. बताया जा रहा है कि घटना वाली रात 12 मई को सब इंस्पेक्टर दिनेश शर्मा की नाइट ड्यूटी थी और वह इसे अपनी कार में रखकर चले भी गए थे. बेल्ट को लेकर जब हड़कंप मचा, तो दो दिन बाद आनन-फानन में इसे फोरेंसिक लैब भेजा गया. अब इस लापरवाही पर सीबीआई के अधिकारी भी सब इंस्पेक्टर शर्मा पर एक्शन ले सकते हैं. सीबीआई के अब तक की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि ट्विशा जिस कंपनी में जॉब करती थी उसमें करीब 7 महीने से सैलरी उन्हें नहीं मिली थी. ट्विशा के आरोपी पति समर्थ सिंह ने उस कंपनी में करीब 8 लाख रुपए इन्वेस्ट किए थे. ट्विशा को सैलरी क्यों नहीं मिली, इस पर संबंधित कंपनी के अधिकारियों से भी सीबीआई पूछताछ कर सकती है.

आज कोर्ट में पेश हो सकते हैं आरोपी

ट्विशा की मौत के मामले में आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को सीबीआई मंगलवार को दोपहर बाद कोर्ट में पेश कर सकती है. दोनों ही आरोपियों की रिमांड़ 2 जून को पूरी हो रही है. गिरिबाला सिंह की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने दोनों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर मांगा था. कोर्ट ने दोनों ही आरोपियों को 5 दिन के रिमांड पर भेजा था. कोर्ट में आरोपियों की रिमांड़ बढाने के लिए सीबीआई के अधिकारी मांग कर सकते हैं.

Next Post

मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा में इंदौर संभाग से प्रारंभ होगा बस आपरेशन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Mon Jun 1 , 2026
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में सोमवार को हुई मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत प्रदेश में बसों के संचालन हेतु, मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एण्डं इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के संचालक मण्डल की बैठक संपन्न हुई। बैठक में बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप […]

You May Like