चुनावी जंग अब डिजिटल मंच पर, मप्र कांग्रेस तैयार करेगी सोशल मीडिया वॉरियर्स की फौज

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश भर में सोशल मीडिया वॉरियर्स अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक डिजिटल टीम तैयार की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अभियान का पोस्टर जारी किया गया। पार्टी नेताओं ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर संगठन की गतिविधियों और विचारों को प्रभावी ढंग से प्रसारित करने के लिए प्रशिक्षित और सक्रिय कार्यकर्ताओं का नेटवर्क तैयार करना है।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार इस अभियान के माध्यम से राइटर्स, वीडियो संपादक, ग्राफिक डिजाइनर, कार्टूनिस्ट, ब्लॉगर, कवि, लेखक, प्रेरक वक्ता, लोक कलाकार तथा सोशल मीडिया पर सक्रिय युवाओं को संगठन से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से युवा प्रतिभाओं, महिलाओं और अन्य डिजिटल माध्यमों में सक्रिय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

नेताओं ने बताया कि 31 मई से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इच्छुक व्यक्ति निर्धारित ऑनलाइन प्रपत्र के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। एक जून से तीन जून के बीच प्रदेश के सभी जिलों में अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए संवाददाता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

पार्टी ने आवेदनों के परीक्षण और चयन प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिला स्तर पर सोशल मीडिया विभाग के प्रभारियों की नियुक्ति भी की है। जून के अंत तक चयन प्रक्रिया पूरी कर डिजिटल टीम का गठन करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले और चंचलेश व्यास ने कहा कि अभियान के माध्यम से युवाओं को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश पदाधिकारी तथा कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

Next Post

MP डिजिटल जनगणना: पहला चरण समाप्त, दूसरा फरवरी 2027 में; 7 लाख से ज्यादा परिवारों ने खुद दर्ज की जानकारी

Sun May 31 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का मैदानी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर लिया गया है। यह अभियान एक मई से 30 मई 2026 तक संचालित किया गया। आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस बार गणना कार्य डिजिटल […]

You May Like